जयपुर। हरमाड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह जाहोता स्थित जयरामपुरा दादर पहाड़ी के नीचे एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सुबह करीब 6 बजे जंगल की ओर गए ग्रामीणों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस को घटनास्थल के पास एक मोटरसाइकिल भी मिली। जांच के दौरान मृतक की पहचान राजकुमार मीणा निवासी आशावाली ढाणी बिशनपुरा (हरमाड़ा थाना क्षेत्र) के रूप में हुई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। शुरुआती जांच में पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।



















