टहलने निकले रेलवे के ऑफिस सुपरिटेंडेंट की ट्रेन की चपेट में आने से मौत

0
31

जयपुर। जगतपुरा रेलवे फाटक के पास गुरुवार रात ट्रेन की चपेट में आने से उत्तर पश्चिम रेलवे के ऑफिस सुपरिटेंडेंट की मौत हो गई। सूचना पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची और शुक्रवार को सवाई मानसिंह अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

जीआरपी के एएसआई जगदीश ने बताया कि मृतक की पहचान अशोक चौधरी (48) निवासी दूजोद, सीकर के रूप में हुई है। वह उत्तर पश्चिम रेलवे में ऑफिस सुपरिटेंडेंट के पद पर कार्यरत थे और पत्नी के साथ जगतपुरा रेलवे फाटक के पास स्थित रेलवे क्वार्टर में रहते थे।

गुरुवार रात करीब 8:45 बजे खाना खाने के बाद टहलने निकले थे। इसी दौरान जयपुर जंक्शन की ओर से आ रही दौलतपुर एक्सप्रेस की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के समय वहां से गुजर रहे उनके भतीजे अमन ने भीड़ देखकर मौके पर पहुंचकर मृतक की पहचान की और परिजनों को सूचना दी। जगतपुरा स्टेशन मास्टर की सूचना पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला ट्रेन की चपेट में आने से हुई दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here