घर लौट रहे युवक पर बाइक सवार बदमाशों ने ईंटों से किया जानलेवा हमला

0
33

जयपुर। खोराबीसल थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। गत शनिवार रात पैदल अपने घर लौट रहे एक युवक पर घात लगाकर बैठे बाइक सवार दो बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया।

हमलावरों ने युवक के सिर और चेहरे पर ईंटों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसके मुंह और कंधे की हड्डियां टूट गईं। लहूलुहान हालत में युवक को सवाई मानसिंह अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

हेड कांस्टेबल अजीत सिंह ने बताया कि खोराबीसल के चतरपुरा निवासी तरुण सिंह (28), जो इन दिनों अपना नया जिम खोलने की तैयारियों में जुटा है। जो खोराबीसल से चतरपुरा रोड होते हुए पैदल अपने घर लौट रहा था। घर से निकलते ही महज 80 मीटर की दूरी पर दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने पीछे से उस पर ईंट से हमला कर दिया। अचानक हुए इस वार से तरुण संभल नहीं पाया और नीचे गिर गया।

इसके बाद बदमाशों ने बेरहमी से उसके सिर और चेहरे पर ईंट से कई वार किए। हमलावर तरुण को लहूलुहान और गंभीर रूप से घायल करने के बाद मौके से फरार हो गए। सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में पड़े तरुण को देखकर वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत उसके परिजनों को सूचित किया। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया।

घायल तरुण के पर्चा बयान के आधार पर खोराबीसल थाना पुलिस ने गुरुवार रात जानलेवा हमले की गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस की विशेष टीमें वारदात स्थल के आस-पास के रास्तों और चतरपुरा रोड पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि बाइक सवार बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here