जयपुर। राजधानी में अवैध जुआ और सट्टे के कारोबार के खिलाफ गलता गेट थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात जुआरियों और एक सटोरिए को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर आरोपियों के कब्जे से कुल 58 हजार 680 रुपए नकद, ताश के पत्ते और सट्टा उपकरण बरामद किए हैं। दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जयपुर उत्तर के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) करण शर्मा ने बताया कि जिले के सभी थाना अधिकारियों को स्पेशल एवं लोकल एक्ट के तहत अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत गलता गेट थानाधिकारी धर्म सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम में हेड कांस्टेबल प्रदीप सिंह, कुलदीप, कांस्टेबल विजय कुमार, राजू सिंह और नरेश शामिल रहे। कार्रवाई में हेड कांस्टेबल प्रदीप सिंह की विशेष भूमिका रही।
पुलिस टीम ने पहली कार्रवाई ऑटो मोबाइल नगर स्थित अन्नपूर्णा रसोई के पास की गई। यहां सट्टे की खाईवाली करते हुए वाहिद खान (24) पुत्र आबिद खान, निवासी आमागढ़ शक्ति कॉलोनी, दिल्ली बाईपास रोड, थाना टीपी नगर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 6,380 रुपए की सट्टा राशि एवं सट्टा उपकरण बरामद किए गए।
वहीं दूसरी कार्रवाई लाल डूंगरी श्मशान घाट के पास की गई। पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर संगठित गिरोह बनाकर ताश के पत्तों पर रुपए का दांव लगाकर जुआ खेल रहे सात आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 52,300 रुपए की जुआ राशि और 52 ताश के पत्ते बरामद किए गए।
गलता गेट थानाधिकारी धर्म सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में असलम खान (38) निवासी घाटगेट, कलीम अहमद (45) निवासी घाटगेट, मोहम्मद जुनैद (35) निवासी घाटगेट, वसीम अहमद (37) निवासी घाटगेट, अफजल अहमद (36) निवासी हीदा की मोरी, मोहम्मद जोहेब (36) निवासी घाटगेट तथा मोहम्मद मेहराजुद्दीन (48) निवासी गंगापोल शामिल हैं।



















