जयपुर। खोह नागोरियान थाना पुलिस ने सोमवार को विशेष अभियान चलाकर अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की। पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म, महिला से मारपीट व लज्जा भंग, सट्टेबाजी, जुआ और अवैध गैस रिफिलिंग के मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं 5 हजार रुपए के इनामी हिस्ट्रीशीटर सहित चार स्थाई वारंटियों को भी दबोच लिया।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा पे बताया कि खोह नागोरियान थाना पुलिस
पुलिस ने दर्ज प्रकरण में 12 वर्षीय नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी उमेश तेली उर्फ गोलू (21) निवासी खंडार, सवाई माधोपुर को गिरफ्तार किया। वहीं प्रकरण में महिला को निर्वस्त्र कर मारपीट और लज्जा भंग करने के आरोपी हितेश कसाना (23) निवासी नीमकाथाना (हाल फूल सिटी, खोह नागोरियान) को भी गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा सट्टे और जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जगतपुरा मार्ग पर पर्ची से सट्टे की खाईवाली कर रहे आदित्य (41) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 हजार रुपए बरामद किए। इसके अलावा ताश पर जुआ खेलते जहूर खां, मोहम्मद अकरम और मोहम्मद रफीक को गिरफ्तार कर 1,400 रुपए जब्त किए गए।
साथ ही पुलिस ने प्रकरण में घरेलू गैस सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करने के आरोपी सुरेश चंद बैरवा (37) निवासी दौसा को भी गिरफ्तार किया।
इसके अलावा विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 5 हजार रुपए के इनामी हिस्ट्रीशीटर सलीम खान (35) निवासी चाकसू को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पूर्व में 38 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा स्थाई वारंटी महेंद्र कुमार ओझा, विनोद सोनी और मोहम्मद हसीन को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।



















