ट्रक से खून बहता देख मची सनसनी: जांच में मिला बकरों का चमड़ा

0
48

जयपुर। खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से खून बहता दिखाई देने पर सनसनी फैल गई। गोवंश से जुड़ी आशंका के चलते मौके पर 50 से 60 लोगों की भीड़ जमा हो गई और ट्रक को घेरकर रास्ता जाम करने की चेतावनी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए ट्रक को थाने ले जाकर जांच की, जिसमें ट्रक में केवल मृत बकरों का चमड़ा मिला। समय रहते पुलिस की सूझबूझ से संभावित विवाद टल गया।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि खोह नागोरियान गांव में आरजे-29 जीए-5399 नंबर के ट्रक से खून टपक रहा है। सूचना पर खोह नागोरियान थानाधिकारी प्रकाश बिश्नोई पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। उस समय ट्रक के चारों ओर 50-60 लोग एकत्र थे और मौके पर ही ट्रक खाली कर जांच कराने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने ट्रक चालक मुन्ने खान पुत्र प्यारे खान से पूछताछ की।

चालक ने बताया कि ट्रक में मृत बकरों का चमड़ा भरा हुआ है। तिरपाल हटाकर देखने पर भी बकरों का चमड़ा मिला, लेकिन भीड़ ने आशंका जताई कि चमड़े के नीचे कोई संदिग्ध सामग्री हो सकती है और ट्रक को मौके पर ही खाली कराया जाए। पुलिस ने समझाया कि आबादी क्षेत्र में सड़क पर चमड़ा खाली करना जनहित और स्वच्छता की दृष्टि से उचित नहीं होगा। समझाइश के बाद भीड़ शांत हुई।

इसके बाद पुलिस ट्रक को थाने ले गई, जहां विस्तृत जांच में ट्रक में केवल मृत बकरों का चमड़ा ही मिला। पूछताछ में चालक ने बताया कि चमड़ा आगरा रोड स्थित मैसर्स एच. अल्ताफ एंड संस, शांति कॉलोनी से लोड किया गया था, जिसे कोलकाता स्थित अलास्का एंटरप्राइजेज भेजा जा रहा था। जांच में ट्रक का मालिक सलमान कुरैशी पुत्र शब्बीर कुरैशी निवासी आदर्श नगर, जयपुर होना सामने आया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ के चलते क्षेत्र में किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनी और कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here