जयपुर। राजधानी की कानोता थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी-पूर्व) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दुकान पर फायरिंग करने के मामले में फरार चल रहे तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी गजानंद उर्फ गज्जू के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त अवैध देसी कट्टा और मोटरसाइकिल भी जब्त की है। आरोपियों ने शराब पार्टी के लिए रुपए नहीं मिलने पर दुकान के शटर पर फायरिंग कर दहशत फैलाई थी।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस जैन के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त (बस्सी) हरजी लाल यादव के सुपरविजन में कानोता थानाधिकारी मुनीन्द्र सिंह एवं डीएसटी प्रभारी सुखवीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
कानोता थानाधिकारी मुनीन्द्र सिंह के अनुसार 8 जुलाई 2026 को पीड़ित ने कानोता थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने पिता के साथ दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान कृष्ण मीणा उर्फ काला, रामबाबू शर्मा और गजानंद उर्फ गज्जू वहां पहुंचे और शराब पीने के लिए रुपए मांगने लगे। मना करने पर आरोपियों ने धमकी दी कि “यदि पैसे नहीं दिए तो तेरी दुकान पर पटाखे चलेंगे” और इसके बाद दुकान के शटर पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। फायरिंग से शटर में कई छेद हो गए। इस संबंध में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और परिचितों व रिश्तेदारों के एक दर्जन से अधिक संभावित ठिकानों पर दबिश दी। गोपनीय सूचना और लगातार दबाव के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी रामबाबू शर्मा निवासी दयारामपुरा के खिलाफ जानलेवा हमला, अपहरण, डकैती और आर्म्स एक्ट सहित 7 मुकदमे दर्ज हैं। कृष्ण मीणा उर्फ काला निवासी दयारामपुरा पर आर्म्स एक्ट और मारपीट के 3 मामले दर्ज हैं। वहीं गजानंद उर्फ गज्जू (27) निवासी ग्राम छापोली, आमेर के खिलाफ मारपीट, चोरी और छेड़छाड़ सहित 4 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले में आगे की जांच कर रही है। इस कार्रवाई में कानोता थाने के उपनिरीक्षक श्रवण कुमार, हेड कांस्टेबल दिलीप सिंह, कांस्टेबल प्रकाश, भानु कुमार, मंतराम तथा डीएसटी-पूर्व के सहायक उपनिरीक्षक छीतरमल, कांस्टेबल देवेंद्र, विजय कुमार, धर्मेंद्र और चालक जितेंद्र की विशेष भूमिका रही।



















