जयपुर। शिप्रापथ थाना पुलिस और जिला साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन ‘म्यूल हंटर’ के तहत बैंक खाते किराये पर लेकर साइबर ठगी करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपी चाय की थड़ियों पर बैठकर स्कूल-कॉलेज के छात्रों को पैसों का लालच देते थे और उनके बैंक खाते कमीशन पर किराये पर लेकर साइबर ठगी की रकम का लेनदेन करते थे। पुलिस ने आरोपियों के खातों में दर्ज करीब 17 लाख रुपए की साइबर धोखाधड़ी का रिकॉर्ड मिलने के बाद लगभग 5 लाख रुपए की राशि फ्रीज करवाई है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि महानिदेशक पुलिस (साइबर अपराध) के निर्देश पर प्रदेशभर में साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए ऑपरेशन ‘म्यूल हंटर’ चलाया जा रहा है। इसी कडी में शिप्रापथ थानाधिकारी हितेश शर्मा और साइबर सेल की टीम ने कार्रवाई कर अरिहन्त जैन (19) निवासी शांति नगर, दुर्गापुरा तथा युवराज सिंह उर्फ युवी (20) निवासी वरुण पथ मानसरोवर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे जयपुर के पॉश इलाकों में चाय की थड़ियों पर बैठकर स्कूल और कॉलेज के छात्रों को पैसों का लालच देते थे। उनके दस्तावेजों से नए बैंक खाते खुलवाते या चालू खाते कमीशन पर किराये पर लेते थे। साइबर ठगी की रकम इन खातों में आने के बाद शिकायत दर्ज होने से पहले ही अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दी जाती थी। इसके बाद एटीएम कार्ड के जरिए नकदी निकालकर तय कमीशन रखने के बाद शेष राशि गिरोह के सरगना तक पहुंचाई जाती थी। वहीं आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
डीसीपी राजर्षि राज ने बताया कि साइबर पोर्टल 1930 पर जांच में आरोपियों के बैंक खातों से जुड़े 13 साइबर शिकायतें सामने आईं, जिनमें करीब 17 लाख रुपए की धोखाधड़ी दर्ज है। पुलिस ने खातों में उपलब्ध करीब 5 लाख रुपए की राशि होल्ड करवा दी है।
डीसीपी राजर्षि राज ने बताया कि 1 अप्रैल से 20 जुलाई 2026 तक जयपुर दक्षिण जिले में ऑपरेशन म्यूल हंटर के तहत 19 प्रकरणों में 21 साइबर ठग गिरफ्तार किए गए, जबकि 49 संदिग्धों को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत पकड़ा गया। मुख्यालय स्तर पर अब तक 70 साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
इसी अवधि में सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से 519 गुमशुदा मोबाइल (अनुमानित कीमत करीब 1.75 करोड़ रुपए) बरामद किए गए। साइबर पोर्टल के जरिए 5.03 करोड़ रुपए की राशि होल्ड करवाई गई तथा 26.96 लाख रुपए पीड़ितों को वापस दिलाए गए।
वर्ष 2025-26 में करीब 18 हजार साइबर शिकायतों का निस्तारण किया गया और 20 स्कूल-कॉलेजों में 5,500 से अधिक लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस कार्रवाई में शिप्रापथ थानाधिकारी हितेश शर्मा, उपनिरीक्षक राधेश्याम, हेड कांस्टेबल रविन्द्र कुमार, लोकेश कुमार, कांस्टेबल सवाई सिंह, छोटूराम, प्रभास, नारायण, बजरंग तथा साइबर सेल के विमलेश की विशेष भूमिका रही।



















