जयपुर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश के वीर शहीदों के शौर्य और बलिदान को नमन करने के लिए आगामी 26 जुलाई को राजधानी जयपुर में एक अनूठी ‘नारी शक्ति लट्ठ यात्रा’ निकाली जाएगी। झोटवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित बड़ पीपली बालाजी धाम के महंत प्रमेन्द्र नाथ महाराज के सान्निध्य में निकलने वाली इस यात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति शिरकत करेगी।
आयोजन समिति के विक्रम सिंह रूंडल ने बताया कि यात्रा 26 जुलाई को शाम 4 बजे बड़ पीपली बालाजी धाम से रवाना होकर खिरनी फाटक स्थित गणेश जी मंदिर तक पहुंचेगी। इस यात्रा की मुख्य विशेषता यह होगी कि इसमें शामिल महिलाएं और युवतियां एक हाथ में राष्ट्रध्वज तिरंगा और दूसरे हाथ में लाठी लेकर चलेंगी।
आयोजकों के अनुसार इस विशाल यात्रा का उद्देश्य कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करना है और साथ ही समाज में नारी सशक्तिकरण, आत्मरक्षा और राष्ट्रभक्ति का सशक्त संदेश देना है।
आयोजन से जुड़े सदस्यों ने जयपुर की महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों से तिरंगे के साथ इस यात्रा में शामिल होकर शहीदों को नमन करने तथा ‘नारी शक्ति—राष्ट्र शक्ति’ के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया है। कार्यक्रम की सफलता और निर्विघ्न संपन्नता के लिए मंगलवार को बड़ पीपली धाम में हनुमान जी महाराज की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।



















