जयपुर। मुहाना और मानसरोवर क्षेत्र में मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिन के समय मंदिरों की रेकी कर पुजारी या अन्य लोगों के नहीं होने पर घंटियां, झालर, दानपात्र की नकदी, मोटर और विद्युत केबल चोरी कर लेता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई मंदिरों की घंटियां, झालर और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि मुहाना थाना पुलिस ने मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए सूरज बैरवा (22) निवासी सीतारामपुरा, थाना पीपलू, जिला टोंक (हाल निवासी मानसरोवर, जयपुर) की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह नशे की लत पूरी करने के लिए दिन के समय मंदिरों की रेकी करता था। यदि मंदिर में कोई मौजूद नहीं होता या पुजारी विश्राम कर रहा होता तो वह मंदिर में घुसकर घंटियां, झालर, दानपात्र की नकदी और अन्य सामान चोरी कर लेता था। चोरी का सामान बेचकर वह नशा करता था।
आरोपी ने मुहाना और मानसरोवर क्षेत्र के करीब आधा दर्जन से अधिक मंदिरों में चोरी करना स्वीकार किया है। इनमें मुहाना मंडी गेट नंबर-3 के सामने स्थित मंदिर, मदरामपुरा मंदिर, मुहाना मोड़ मंदिर, मोहनपुरा बालाजी मंदिर के पास स्थित मंदिर तथा दिग्गी रोड रेलवे लाइन के आसपास के मंदिर शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मंदिरों से चोरी की गई घंटियां, झालर और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उससे अन्य मंदिर चोरी की वारदातों के खुलासे की भी संभावना है।



















