11 साल से फरार 5 हजार का इनामी एटीएम ठग हरियाणा से गिरफ्तार

0
89

जयपुर। आदर्श नगर थाना पुलिस ने 11 वर्षों से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी बदमाश नवाज शरीफ को हरियाणा के नूंह (मेवात) क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी एटीएम मशीनों के बाहर लोगों को बातों में उलझाकर उनका एटीएम कार्ड बदल देता था और बाद में खातों से रुपए निकालकर ठगी की वारदात को अंजाम देता था।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी नवाज शरीफ वर्ष 2014-15 से विभिन्न मामलों में फरार चल रहा था। वह आदर्श नगर, आमेर और शिवदासपुरा थाने में दर्ज ममले में वांछित था। आरोपी के खिलाफ स्थायी वारंट भी जारी था और उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथियों के साथ एटीएम मशीनों की रेकी करता था। जब कोई व्यक्ति रुपए निकालने आता तो उसे बातचीत में उलझाकर उसका एटीएम कार्ड बदल देता और बाद में खाते से नकदी निकाल लेता था। लंबे समय से फरारी के दौरान वह लगातार ठिकाने बदलता रहा।

विशेष टीम को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी हरियाणा के नूंह (मेवात) क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवाज शरीफ पुत्र अब्दुल मजीद, निवासी ग्राम घासेड़ा, थाना नूंह, जिला नूंह (हरियाणा) के रूप में हुई है।

गिरफ्तारी की कार्रवाई में थाना प्रभारी छगन डांगी, हेड कांस्टेबल रामनिवास, कांस्टेबल तेजवीर, गजानंद और धर्मसिंह शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि पूरी कार्रवाई में कांस्टेबल धर्मसिंह की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here