एमएलवी कॉलेज का संस्थापन अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार

0
52
MLV College Establishment Officer arrested for taking a bribe.
MLV College Establishment Officer arrested for taking a bribe.

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की भीलवाड़ा द्वितीय इकाई ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए माणिक्यलाल वर्मा राजकीय महाविद्यालय, भीलवाड़ा के संस्थापन अधिकारी शिव नुवाल को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी ने एक निजी फर्म का ठेका निरस्त नहीं करने और उसे सुचारू रूप से जारी रखने की एवज में 50 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी।

एसीबी की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि ब्यूरो को शिकायत मिली थी कि परिवादी की फर्म ने माणिक्यलाल वर्मा राजकीय महाविद्यालय में सुरक्षा गार्ड, कंप्यूटर ऑपरेटर और सफाई कर्मचारियों की आपूर्ति की थी। इस संबंध में महाविद्यालय द्वारा निविदा स्वीकृत कर फर्म को कार्य आवंटित किया गया था और फर्म ने आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध भी करा दिए थे।

जांच में सामने आया कि एक रविवार को महाविद्यालय पहुंचने पर चौकीदार अपने कार्यस्थल पर अनुपस्थित मिला। इसके बाद प्राचार्य ने संबंधित फर्म का ठेका निरस्त करने के लिए पत्र जारी कर दिया। आरोप है कि संस्थापन अधिकारी शिव नुवाल ने ठेका निरस्त नहीं करने और उसे पूर्ववत जारी रखने की एवज में परिवादी से 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी और लगातार परेशान कर रहा था।

शिकायत का सत्यापन कराने के बाद एसीबी ने अजमेर रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस नारायण सिंह टोगस के सुपरवीजन में ट्रैप कार्रवाई की। भीलवाड़ा द्वितीय इकाई के उप अधीक्षक पुलिस नरपत सिंह चारण के नेतृत्व में गुरुवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी शिव नुवाल को परिवादी से 40 हजार रुपए की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here