जयपुर। मुहाना थाना पुलिस ने एसी कॉपर वायर चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 20 किलोग्राम कॉपर वायर बरामद किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उससे अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
दक्षिण जयपुर के पुलिस उपायुक्त राजर्षि राज ने बताया कि आरोपी दिलखुश मेरोठा (24) निवासी करौली, हाल ब्राह्मणों की ढाणी, पत्रकार कॉलोनी, जयपुर को गिरफ्तार किया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्धों की पहचान कर उनके आने-जाने के रास्तों का विश्लेषण किया गया तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से चोरी की गई करीब 20 किलो कॉपर वायर बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है और उससे क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी मुकेश कुमार खारड़िया सहित शिवसिंह, लोकेश कुमार, लाडूराम, अन्नाराम और हवलदार सहित पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही।



















