कनिष्ठ विधि अधिकारी परीक्षा: केंद्रों का जायजा लेने पहुंचे आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष कर्नल केसरी सिंह

0
49

जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) द्वारा आयोजित कनिष्ठ विधि अधिकारी भर्ती परीक्षा-2025 रविवार से शुरू हुई। दो दिवसीय परीक्षा के लिए जयपुर जिले में 53 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 13,245 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन के लिए जिला प्रशासन एवं आयोग द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

परीक्षा के प्रथम दिन राजस्थान लोक सेवा आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष कर्नल केसरी सिंह ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, झोटवाड़ा फ्लाईओवर (झोटवाड़ा), शहीद लेफ्टिनेंट अभय पारीक राजकीय बालिका वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (गांधी नगर), पीएम श्री राजकीय बालिका वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (गंगौरी बाजार) तथा शहीद अमित भारद्वाज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (माणक चौक) का निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर (पूर्व) नरेंद्र कुमार वर्मा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश, बैठक व्यवस्था तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान आयोग अध्यक्ष कर्नल केसरी सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के सहयोग से परीक्षा का बेहतर आयोजन किया जा रहा है। मैं स्वयं परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रहा हँू ताकि यदि कहीं कोई छोटी-मोटी कमी या तकनीकी खामी हो तो उसे तुरंत दूर किया जा सके। हमारा उद्देश्य है कि हर अभ्यर्थी निष्पक्ष और पारदर्शी माहौल में परीक्षा दे सके। इसलिए व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

वहीं राजस्थान लोक सेवा आयोग की संयुक्त सचिव ऋषिबाला श्रीमाली ने भी जयपुर के विभिन्न अन्य परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संचालन के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एडीएम ईस्ट नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि परीक्षा की प्रभावी निगरानी के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड गठित किए गए हैं। इन दलों में राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) अधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) रैंक के अधिकारी तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल किए गए हैं, जो परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here