आईसीए में शेफ अरुण चौहान ने बनाया विश्व रिकॉर्ड

0
36

जयपुर। राजस्थानी व्यंजनों पर रिसर्च कर रहे प्रसिद्ध शेफ अरुण चौहान ने अपनी उत्कृष्ट पाक कला और नवाचार से विश्व रिकॉर्ड स्थापित कर देश एवं प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।

चेन्नई में आयोजित किए गए इंडियन कलनरी एलायंस में उन्होंने देश विदेशों से आए 100 से अधिक शेफ के बीच राजस्थानी दाल-कैर-सांगरी का फ्यूजन पेश कर राज्य के पारम्परिक व्यंजन की विशेषताओं से अवगत कराया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने भारतीय व्यंजनों की समृद्ध परंपरा और स्वाद को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

इंडियन कलनरी एलायंस के इस विश्व रिकॉर्ड कार्यक्रम में देश-विदेश के प्रतिष्ठित शेफ, निर्णायक एवं अतिथियों की उपस्थिति में शेफ अरुण चौहान ने अपनी पाक-कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। पश्चिमी राजस्थान की परंपरागत कैर सांगरी और दालों की उनकी प्रस्तुति को सभी ने सराहा और भारतीय खानपान की विविधता एवं उत्कृष्टता का प्रतीक बताया। इस अवसर पर इंडियन कलनरी एलायंस के ग्लोबल प्रेसिडेंट गणेश दास, ग्लोबल वाइस प्रेसिडेंट अनिल कुंवर एवं देबोलीना मुखर्जी ने शेफ अरुण चौहान को सम्मानित किया।

शेफ अरुण चौहान ने कहा, “यह उपलब्धि केवल मेरी नहीं, बल्कि पूरे भारत की समृद्ध पाक-संस्कृति, हमारे किसानों, मसालों और राजस्थानी परंपरागत व्यंजनों का सम्मान है। मेरा प्रयास रहेगा कि भारतीय स्वाद और संस्कृति को विश्वभर में नई पहचान दिलाता रहूँ।” होटल एवं हॉस्पिटैलिटी जगत के अलावा पाक-कला विशेषज्ञों साईं कुमार शर्मा, ललित नागर, पुरुषोत्तमन, संजय तमांग, बी. लामा, विवेक मिश्रा, मानस रंजन आदि ने शेफ अरुण चौहान को इस ऐतिहासिक सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उनकी यह उपलब्धि युवा शेफ और पाक-कला के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी। उल्लेखनीय है कि शेफ अरुण चौहान मुंबई, दिल्ली सहित राजस्थान के कई प्रतिष्ठित होटल्स एंड रेस्टोरेंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और वर्तमान में वे बाजरो रेस्टोरेंट में राजस्थानी व्यंजनों पर रिसर्च में जुटे हैं ताकि विलुप्त के कगार पर पहुंच चुकी राजस्थानी पाक कला विधियों को संरक्षित किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here