जयपुर। श्रावण मास की सांस्कृतिक परंपराओं को समर्पित दुर्गा शक्ति ग्रुप द्वारा आयोजित होने वाले लहरिया उत्सव के लिए जयपुर शहर की निवर्तमान महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर को औपचारिक आमंत्रण दिया गया। इस अवसर पर डॉ. गुर्जर के करकमलों से कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम की संयोजक मीनाक्षी अग्रवाल ने बताया कि लहरिया उत्सव छह अगस्त को अजमेर रोड स्थित एक होटल में मनाया जाएगा। जिसमें बेस्ट लहरिया क्वीन, बेस्ट डांसर राजस्थानी, बेस्ट लहरिया सतरंगी चूड़ी, हाउसी गेम, बेस्ट रेम्प वॉक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
इसके साथ ही पूर्व महापौर डॉ सौम्या गुर्जर के नेतृत्व में शक्ति संवाद का आयोजन भी किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य श्रावण मास की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक लोक संस्कृति और नारी शक्ति के सम्मान को जन-जन तक पहुँचाना है। उन्होंने डॉ. सौम्या गुर्जर का स्वागत करते हुए कार्यक्रम में उनकी गरिमामयी उपस्थिति का आग्रह किया।
इस अवसर पर डॉ. सौम्या गुर्जर ने कहा कि भारतीय संस्कृति में श्रावण मास और लहरिया केवल परंपरा का प्रतीक नहीं, बल्कि महिलाओं की आस्था, उत्साह और सांस्कृतिक विरासत का उत्सव भी है। उन्होंने महिलाओं से सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का आह्वान करते हुए ‘शक्ति वंदन’ अभियान से जुड़ने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यह अभियान महिलाओं को विभिन्न अवसरों, योजनाओं और उपयोगी जानकारियों से जोड़कर उनके सर्वांगीण सशक्तिकरण का माध्यम बन रहा है।
दुर्गा शक्ति ग्रुप ने शक्ति वंदन अभियान को महिलाओं के उत्थान की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल बताते हुए डॉ. सौम्या गुर्जर के प्रयासों की सराहना की और उन्हें शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर रुचिका अग्रवाल और दीपाली अग्रवाल ने आगामी लहरिया उत्सव के सफल आयोजन की कामना करते हुए इसे भारतीय संस्कृति, परंपरा और नारी शक्ति के उत्सव का सुंदर संगम बताया।



















