सख्त कानून से निष्पक्ष परीक्षाओं की उम्मीद मजबूत हुई: कोचिंग महासंघ

0
61

जयपुर। पेपर लीक पर अंकुश लगाने के लिए कानून के प्रावधानों को और अधिक कड़ा किए जाने के फैसले का ऑल कोचिंग इंस्टीट्यूट महासंघ ने स्वागत किया है। महासंघ का कहना है कि इस पहल से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं में नया उत्साह पैदा हुआ है, वहीं ईमानदार कोचिंग संचालकों को भी निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की उम्मीद जगी है।

महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष अनीष कुमार नाडार और प्रदेश महासचिव अजय अग्रवाल ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि यह निर्णय युवाओं के हितों के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार लगातार पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठा रही हैं।

महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि पेपर लीक की शिकायतों और सूचनाओं के लिए अब तक करीब एक लाख प्रतियोगी छात्रों को हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध कराए जा चुके हैं। उनका दावा है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार के कार्यकाल में अब तक आयोजित किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में पेपर लीक की घटना सामने नहीं आई है।

संयुक्त बयान में कहा गया कि राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर कोचिंग संस्थानों के विद्यार्थियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुनना और समाधान का भरोसा देना भी सकारात्मक पहल है। इसके लिए महासंघ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया।
प्रदेश अध्यक्ष अनीष कुमार नाडार ने बताया कि महासंघ का एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही मुख्यमंत्री, उच्च शिक्षा मंत्री और शिक्षा सचिव से मुलाकात करेगा। इस दौरान पेपर लीक की रोकथाम के लिए जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्ययोजना लागू करने संबंधी सुझाव और रूपरेखा प्रस्तुत की जाएगी।

प्रदेश महासचिव अजय अग्रवाल ने कहा कि ऑल कोचिंग इंस्टीट्यूट महासंघ का गठन पेपर लीक पर रोक लगाने, ईमानदार कोचिंग संस्थानों की साख बनाए रखने तथा छोटे शहरों में गुणवत्तापूर्ण और सुलभ कोचिंग व्यवस्था विकसित करने के उद्देश्य से किया गया था। उन्होंने कहा कि महासंघ इन उद्देश्यों की पूर्ति की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here