जयपुर। हरमाड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार—गुरूवार की मध्यरात्रि को चोरों ने पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एटीएम को निशाना बनाकर कैश बॉक्स तक पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सक्रिय गश्त के चलते वारदात नाकाम रही। बदमाश पुलिस वाहन की आहट मिलते ही बिना नकदी ले जाए मौके से फरार हो गए।
थानाधिकारी नरेंद्र भड़ाना ने बताया कि घटना बुधवार-गुरुवार की मध्य रात्रि करीब 12 बजे की है। बदमाश एटीएम बूथ में घुसे और मशीन का लॉक तोड़कर कैश बॉक्स तक पहुंच गए। इसी दौरान नियमित गश्त पर निकली हरमाड़ा थाना पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही वे अधूरी वारदात छोड़कर भाग निकले।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बैंक प्रबंधन को भी बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों ने नकदी चोरी की पूरी तैयारी कर ली थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता से बड़ी चोरी टल गई।
पुलिस ने एटीएम बूथ तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


















