जयपुर। पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र के वंदेमातरम मार्ग पर बारिश के दौरान तेज रफ्तार एसयूवी की टक्कर से स्कूटी सवार 19 वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद एसयूवी डिवाइडर से टकरा गई और उसका टायर फटने पर चालक कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना का सीसीटीवी वीडियो गुरुवार को सामने आया।
थानाधिकारी उदय सिंह यादव ने बताया कि मृतक की पहचान विकल्प उर्फ राजा मीणा (19) निवासी सूर्य नगर, गोपालपुरा बाईपास के रूप में हुई है। जो बारिश के दौरान स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान तेज गति से आई एसयूवी ने उसे सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद एसयूवी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे उसका अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और एक टायर फट गया।
टायर फटने के कारण चालक वाहन को अधिक दूर तक नहीं ले जा सका और कुछ दूरी पर एसयूवी छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है। पुलिस अब वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर मालिक और चालक की तलाश कर रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक के नाना नाथू मीणा (76) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी सीमा कावत ने फोन कर हादसे की सूचना दी थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।


















