पांच साल से फरार शातिर नकबजन गिरफ्तार

0
58
Two notorious criminals arrested along with gamblers.
Two notorious criminals arrested along with gamblers.

जयपुर। मुहाना थाना पुलिस ने चोरी और नकबजनी के मामलों में कार्रवाई करते हुए पांच साल से फरार चल रहे शातिर नकबजन को गिरफ्तार किया है। आरोपी घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करता था ताकि उसकी पहचान छिपी रहे। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और कई अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि मुहाना थाना पुलिस ने चोरी और नकबजनी के मामलों में कार्रवाई करते हुए पांच वर्ष से फरार चल रहे विकास सिंह उर्फ विकास बच्चा निवासी पचाला चकवाड़ा, थाना फागी (जयपुर ग्रामीण) को सांगानेर सदर थाना क्षेत्र के श्रीराम की नांगल से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार 8 जनवरी 2021 को बूंदी निवासी राजूलाल बंजारा ने मुहाना थाने में अपनी मोटरसाइकिल (आरजे-08-एसएस-9404) चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो युवक बाइक चोरी करते दिखाई दिए। अनुसंधान में पुलिस ने एक आरोपी ललित बैरवा को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि उसका साथी विकास सिंह वर्ष 2021 से लगातार फरार चल रहा था।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह और उसके साथी घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए चोरी की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल करते थे, ताकि पुलिस उनकी पहचान तक नहीं पहुंच सके। इसी उद्देश्य से उन्होंने उक्त मोटरसाइकिल भी चोरी की थी।

पुलिस के अनुसार आरोपी विकास सिंह आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ जयपुर शहर सहित अन्य स्थानों पर चोरी और नकबजनी के करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं। उससे पूछताछ में शहर की कई अन्य चोरी और नकबजनी की वारदातों के खुलासे की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here