‘प्लेग्राउंड’ सीजन-5 का ट्रेलर रिलीज

0
48
'Playground' Season 5 trailer released.
'Playground' Season 5 trailer released.

जयपुर। प्राइम वीडियो के एमएक्स प्लेयर ने अपने लोकप्रिय गेमिंग रियलिटी शो ‘प्लेग्राउंड’ के पांचवें सीजन का ट्रेलर जारी कर दिया है। छह सप्ताह तक चलने वाले इस नए सीजन का प्रीमियर 1 अगस्त 2026 से होगा। इस बार शो पहले से बड़े प्रारूप और तीन मेंटर्स के साथ दर्शकों के सामने आएगा। शो को एमएक्स प्लेयर पर मुफ्त में स्ट्रीम किया जाएगा।

इस बार दो बार के चैंपियन एल्विश यादव एक बार फिर KO क्रैकेंस टीम का नेतृत्व करेंगे। वहीं अभिनेत्री तेजस्वी प्रकाश पहली बार मेंटर की भूमिका में रेजिंग सेंटॉर्स टीम की कमान संभालेंगी, जबकि आरुष भोला पावर फीनिक्स टीम के मेंटर होंगे। तीनों टीमें छह सप्ताह तक अलग-अलग चुनौतियों में आमने-सामने होंगी, जहां अंत में एक ही टीम विजेता बनेगी।

जारी ट्रेलर में तीनों मेंटर्स अपनी-अपनी दुनिया में दिखाई देते हैं, लेकिन अचानक उन्हें एहसास होता है कि वे एक नए गेमिंग रियलिटी संसार का हिस्सा बन चुके हैं। यहां हर चुनौती फाइनल मुकाबले जैसी होगी और प्रतिभागियों के साथ मेंटर्स को भी लगातार खुद को साबित करना होगा। ट्रेलर के अंत में घोषणा की जाती है कि इस बार “घर के अंदर गेम नहीं होंगे, बल्कि पूरा घर ही गेम होगा।” इसके साथ ही तीनों मेंटर्स के सामने अपनी-अपनी टीम तैयार करने की चुनौती भी रखी गई है।

प्राइम वीडियो के एमएक्स प्लेयर के कंटेंट डायरेक्टर एवं हेड अमोघ दुसाद ने कहा कि प्लेग्राउंड ने हर सीजन में दर्शकों को कुछ नया दिया है और पांचवां सीजन भी उसी परंपरा को आगे बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि एल्विश यादव के अनुभव के साथ तेजस्वी प्रकाश और आरुष भोला की नई सोच शो को और रोमांचक बनाएगी।

दो बार के विजेता मेंटर एल्विश यादव ने कहा कि लगातार तीसरी बार खिताब जीतना उनका लक्ष्य है और वे पहले से अधिक तैयारी के साथ मैदान में उतर रहे हैं। पहली बार मेंटर बनीं तेजस्वी प्रकाश ने कहा कि गेमिंग रियलिटी शो का हिस्सा बनना उनके लिए नया और रोमांचक अनुभव है। उन्होंने कहा कि इस बार हर पल रणनीति और समझदारी की परीक्षा होगी।

वहीं आरुष भोला ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल जीत हासिल करना नहीं, बल्कि आत्मविश्वास से भरी मजबूत टीम तैयार करना है। उन्होंने इसे गेमिंग और क्रिएटर कम्युनिटी के लिए प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच बताया।

‘प्लेग्राउंड’ सीजन-5 का प्रीमियर 1 अगस्त 2026 से प्राइम वीडियो के एमएक्स प्लेयर पर होगा। दर्शक इसे मोबाइल, कनेक्टेड टीवी, अमेज़न शॉपिंग ऐप, प्राइम वीडियो और फायर टीवी सहित विभिन्न प्लेटफॉर्म पर मुफ्त में देख सकेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here