जयपुर। आस्था और भक्ति के प्रमुख केंद्र श्री अमरापुर स्थान जयपुर में बुधवार को चंद्र दर्शन के पावन अवसर पर कार्तिक महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ, गीता जी और कार्तिक महात्म्य की कथा का वाचन शुरू किया गया। संत-महात्माओं ने कार्तिक माह की महिमा बताते हुए कहा कि इस माह में हरि नाम जप, दान-पुण्य और स्नान का विशेष महत्व है।
गुरुदेव हजारा हजूर सतगुरु स्वामी भगत प्रकाश महाराज की अमोलक वाणी के माध्यम से सुबह 8 बजे से श्रद्धालुओं ने भक्ति रस का आनंद लिया। संतों ने बताया कि 11 से 24 नवंबर तक प्रतिदिन नित्य नियम प्रार्थना, भजन-सत्संग और कार्तिक महात्म्य कथा का आयोजन होगा। गुरुवार से प्रतिदिन सुबह 6 से 7 बजे तक श्री अमरापुर स्थान परिसर में हरि नाम प्रभात फेरी निकाली जाएगी।
कार्तिक महोत्सव के तहत 15 नवंबर को आचार्य सद्गुरु स्वामी टेऊँराम महाराज का मासिक जन्मोत्सव चौथ पर्व मनाया जाएगा। वहीं, 17 नवंबर को गोपाष्टमी पर्व पर मानसरोवर स्थित सद्गुरु टेऊँराम गौशाला में धार्मिक आयोजन होंगे।
कार्तिक महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर प्रेम प्रकाश संप्रदाय के आचार्य सद्गुरु स्वामी टेऊँराम महाराज के जीवन पर आधारित सिंधी आध्यात्मिक फिल्म ‘युगपुरुष सतगुरु टेऊँराम पार्ट-2’ के पोस्टर का विमोचन किया गया।
हजारा हजूर सतगुरु स्वामी भगत प्रकाश महाराज और संत मंडली ने पोस्टर जारी किया। फिल्म के निर्माता-निर्देशक राघानी प्रोडक्शन के गोपाल राघानी ने गुरु महाराज से आशीर्वाद लिया। स्वामी भगत प्रकाश महाराज ने फिल्म की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
संत स्वामी मोहन प्रकाश महाराज ने बताया कि फिल्म का दूसरा भाग जल्द ही प्रेमियों और दर्शकों के लिए सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया जाएगा। फिल्म में आचार्य सद्गुरु स्वामी टेऊँराम महाराज के जीवन का संपूर्ण वृत्तांत प्रेरणादायक रूप में प्रस्तुत किया गया है।

















