वृद्ध महिलाओं को लिफ्ट देने के बहाने जेवर चुराने वाली गुजराती गैंग का भंडाफोड़

0
19
Gujarati gang that stole jewelry busted
Gujarati gang that stole jewelry busted

जयपुर। भांकरोटा थाना पुलिस ने वृद्ध महिलाओं को निशाना बनाकर चोरी की वारदातें करने वाली गुजराती गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त ऑटो भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक ऑटो चालक और उसकी बुआ की लड़की शामिल है। गैंग की एक अन्य महिला साथी की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने जयपुर शहर में पहले भी इस तरह की कई वारदातें की हैं।

डीसीपी जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि जुगल किशोर मीणा निवासी पंचवटी कॉलोनी, कमला नेहरू नगर, भांकरोटा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी वृद्ध बहन छोटा देवी भाई दूज के अवसर पर अपने ससुराल डीसीएम, अजमेर रोड से उनके घर आ रही थीं। मजार कट भांकरोटा पर उतरने के बाद वह स्लिप लाइन केशोपुरा होते हुए पैदल जा रही थीं। इसी दौरान एक ऑटो चालक ने वाहन में पहले से बैठी दो महिलाओं के साथ उन्हें रोका।

आरोपियों ने वृद्ध महिला से कहा कि माताजी आप वृद्ध हैं, ऑटो में बैठ जाइए, आपको घर छोड़ देंगे। उनकी बातों में आकर महिला ऑटो की बीच वाली सीट पर बैठ गईं। कमला नेहरू नगर पुलिया के पास उतरने के बाद जब उन्होंने अपना गला संभाला तो सोने की ज्वैलरी गायब मिली। तब तक आरोपी ऑटो लेकर फरार हो चुके थे। इस संबंध में भांकरोटा थाने में मामला दर्ज किया गया।

इधर घटना की गंभीरता को देखते हुए भांकरोटा थानाधिकारी दीपक त्यागी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। इसके आधार पर आरोपियों का रोडमैप तैयार कर उनकी पहचान की गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी क्रिश और उसकी बुआ की लड़की कविता परमार को वारदात में प्रयुक्त ऑटो सहित गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि गैंग के सदस्य जयपुर शहर में किराए का ऑटो लेकर घूमते थे और अकेली पैदल जा रही वृद्ध महिलाओं को निशाना बनाते थे। ऑटो में पहले से बैठी महिलाएं बुजुर्गों को घर छोड़ने का झांसा देकर वाहन में बैठा लेती थीं। इसके बाद बातचीत में उलझाकर या ध्यान भटका कर उनके गले की ज्वैलरी, पर्स में रखे रुपए और अन्य सामान चोरी कर लेते थे। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो जाते थे।

भांकरोटा थानाधिकारी दीपक त्यागी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान क्रिश (19) निवासी कांगली जिला भावनगर, गुजरात हाल निवासी करणी विहार जयपुर तथा कविता परमार (25) निवासी पंजाब हाल निवासी करणी विहार जयपुर के रूप में की है। पुलिस गैंग की अन्य महिला साथी की तलाश कर रही है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर जयपुर में की गई अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here