जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में जुटेंगी देश-विदेश की नामचीन हस्तियां: 14 से 18 जनवरी तक होगा आयोजन

0
21

जयपुर। जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल (जेएलएफ) का 20वां संस्करण इस बार खास आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है। दो दशक पूरे कर चुके इस अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक आयोजन में देश-विदेश के प्रतिष्ठित साहित्यकारों, फिल्मकारों, कलाकारों, संगीतकारों, वैज्ञानिकों, अर्थशास्त्रियों और इतिहासकारों का जमावड़ा लगेगा। फेस्टिवल का आयोजन 14 से 18 जनवरी 2027 तक जयपुर के होटल क्लार्क्स आमेर में किया जाएगा।

आयोजन के 20वें संस्करण के प्रमुख आकर्षणों में मशहूर अभिनेत्री एवं टेलीविजन हस्ती सिमी ग्रेवाल, फिल्म निर्देशक एवं संगीतकार विशाल भारद्वाज, गायिका रेखा भारद्वाज और चर्चित रेस्टोरेंट उद्यमी राहुल अकरकर शामिल होंगे। इनके अलावा अभिनेता जॉय सेनगुप्ता, लेखक जीत थायिल, कवि रंजीत होस्कोटे और लेखिका एवं पॉडकास्टर शुनाली खूल्लर श्रॉफ भी फेस्टिवल में शिरकत करेंगे।

इस बार फेस्टिवल का दायरा साहित्य और पुस्तकों तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें सिनेमा, संगीत, खानपान, इतिहास, राजनीति, विज्ञान, अर्थव्यवस्था और समकालीन समाज जैसे विषयों पर भी चर्चा और संवाद होंगे।

जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल के 20वें संस्करण का प्रीव्यू कार्यक्रम मुंबई में आयोजित किया गया। द क्वोरम में हुए इस कार्यक्रम में साहित्य, कला, संस्कृति और मीडिया जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम में फेस्टिवल की दो दशक की यात्रा के साथ टीमवर्क आर्ट्स की विभिन्न सांस्कृतिक पहलों की झलक प्रस्तुत की गई। ऑडियो-विजुअल प्रस्तुतियों के माध्यम से जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल, जयपुर बुकमार्क, जयपुर म्यूजिक स्टेज और टीडब्ल्यूए वॉयेज की गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया।

टीमवर्क आर्ट्स के प्रबंध निदेशक एवं फेस्टिवल के निर्माता संजय के. रॉय ने कहा कि जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल की शुरुआत एक साहित्यिक आयोजन के रूप में हुई थी, लेकिन दो दशकों की यात्रा में यह दुनिया के प्रमुख साहित्यिक और सांस्कृतिक मंचों में शामिल हो चुका है। अब तक फेस्टिवल में 50 लाख से अधिक लोग शामिल हो चुके हैं तथा 8 हजार से ज्यादा लेखक, वक्ता और कलाकार इससे जुड़ चुके हैं। इसकी वैश्विक पहुंच एक अरब से अधिक लोगों तक आंकी गई है।

इस बार फिल्म और मनोरंजन जगत की कई चर्चित हस्तियां फेस्टिवल की रौनक बढ़ाएंगी। सिमी ग्रेवाल अपनी विशिष्ट शख्सियत और टेलीविजन पर चर्चित संवाद शैली के लिए जानी जाती हैं। वहीं विशाल भारद्वाज निर्देशक, संगीतकार और पटकथा लेखक के रूप में भारतीय सिनेमा में विशेष पहचान रखते हैं। मकबूल, ओमकारा, हैदर और कमीने जैसी फिल्मों के माध्यम से उन्होंने साहित्यिक कहानियों और सिनेमा के बीच अनूठा संबंध स्थापित किया है। उनकी मौजूदगी में सिनेमा, साहित्य और कहानी कहने की कला पर विशेष संवाद होने की उम्मीद है।

फेस्टिवल के 20वें संस्करण में अंतरराष्ट्रीय साहित्य जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां हिस्सा लेंगी। इनमें नोबेल पुरस्कार विजेता लेखिका ओल्गा तोकार्चुक, लेखिका सुधा मूर्ति, साहित्य समीक्षक जेम्स वुड, अर्थशास्त्री एस्थर डुफ्लो, इतिहासकार नील मैकग्रेगर, लेखिका क्लेयर मेसुड और नोबेल पुरस्कार विजेता वैज्ञानिक सर पॉल नर्स शामिल हैं। इनके अलावा अक्षता मूर्ति और पत्रकार मिशाल हुसैन भी अपने विचार साझा करेंगी।

पुलित्जर पुरस्कार विजेता लेखक लियाकत अहमद, 2026 के बेली गिफोर्ड पुरस्कार विजेता एडमंड रिचर्डसन, 2026 के ऑरवेल पुरस्कार के लिए नामित लेखिका एंटोनिया सीनियर और द गार्जियन की संस्कृति लेखिका शार्लट हिगिंस भी आयोजन में शामिल होंगी।
नीति आयोग के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं जी-20 शेरपा अमिताभ कांत, शिकागो विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्री माइकल ग्रीनस्टोन तथा ब्लूमबर्ग बिजनेसवीक के पत्रकार एवं लेखक मैथ्यू कैंपबेल भी विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे।

इस बार खानपान की दुनिया की अंतरराष्ट्रीय हस्तियों को भी फेस्टिवल में स्थान दिया गया है। लंदन की प्रसिद्ध शेफ अस्मा खान और दुबई के तीन मिशेलिन स्टार वाले ट्रेसिंद स्टूडियो के शेफ हिमांशु सैनी आयोजन में शामिल होंगे। इनके माध्यम से खानपान, पाक कला और संस्कृति से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी।

इसके अतिरिक्त ऑस्ट्रेलियाई लेखिका अनीता हाइस, कवयित्री एवं निबंधकार तिशानी दोषी तथा पुरस्कार विजेता लेखक और पटकथा लेखक राम मोरी भी फेस्टिवल का हिस्सा बनेंगे।
मुंबई में आयोजित प्रीव्यू कार्यक्रम का विशेष आकर्षण चर्चित लेखक अश्विन सांघी की नई पुस्तक ‘द ब्लाइंड फ्यूरी’ का विमोचन रहा। इस अवसर पर अश्विन सांघी, लेखिका शुनाली खूल्लर श्रॉफ, संजय के. रॉय और द क्वोरम की प्रोग्रामिंग निदेशक सलोनी पुरी मौजूद रहीं।

पुस्तक विमोचन के बाद ‘द आर्ट ऑफ द हूडनिट’ विषय पर विशेष संवाद आयोजित किया गया। इसमें शुनाली खूल्लर श्रॉफ ने अश्विन सांघी से बातचीत की। चर्चा के दौरान अपराध कथाओं के लेखन, रहस्य और रोमांच को बरकरार रखने की तकनीक तथा कहानी तैयार करने में शोध की भूमिका जैसे विषयों पर विचार साझा किए गए।
जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल का 20वां संस्करण साहित्यिक विमर्श के साथ कला, संस्कृति, सिनेमा, संगीत और वैश्विक समसामयिक विषयों को एक मंच पर लाने की दिशा में महत्वपूर्ण आयोजन होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here