जयपुर। बनीपार्क थाना पुलिस ने फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन का सौदा करने तथा परिवादी से 69 लाख 50 हजार रुपए की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फुलेरा की जमीन की वास्तविक खातेदार महिला की पुत्रवधू बनकर फर्जी आधार कार्ड के जरिए इकरारनामा किया था।
डीसीपी जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि विद्याधर नगर निवासी माधोसिंह कविया ने इस्तगासे के जरिए मामला दर्ज कराया था। परिवादी के अनुसार ग्राम फुलेरा स्थित खसरा नंबर 199/1037, रकबा 3.4394 हेक्टेयर खातेदारी भूमि का सौदा उनके पक्ष में तय हुआ था। आरोपियों ने कूटरचित दस्तावेज और फर्जी आधार कार्ड के आधार पर नर्बदाबाई नामक महिला को जमीन की मालकिन बताकर इकरारनामा किया और अलग-अलग समय पर उनसे 69.50 लाख रुपए प्राप्त कर लिए।
पुलिस जांच में सामने आया कि जिस नर्बदाबाई को जमीन की मालकिन बताया गया था, वास्तविकता में उसका उस भूमि से कोई लेना-देना नहीं था। आरोपियों ने षड्यंत्रपूर्वक फर्जी आधार कार्ड तैयार कर जमीन का सौदा किया। जांच के बाद बनीपार्क थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी रिंकू देवी ने खुद को फुलेरा की वास्तविक खातेदार नर्बदा देवी, पत्नी स्वर्गीय दामोदर लाल शर्मा की पुत्रवधू बताया। उसने फर्जी आधार कार्ड तैयार कर अन्य आरोपियों के साथ मिलकर 16 अप्रैल 2024 को परिवादी के साथ 81 लाख 69 हजार 596 रुपए में इकरारनामा किया। इस दौरान आरोपियों ने परिवादी से कुल 69 लाख 50 हजार रुपए ऐंठ लिए।
पुलिस ने मामले में रिंकू देवी (30) पत्नी हंसराज निवासी सांभर, रामस्वरूप वर्मा (55) पुत्र छोटूराम निवासी रेनवाल, हाल किरायेदार फुलेरा, पप्पू राम वर्मा (38) निवासी मोरूदा, थाना नरैना और अरविन्द सिंह (35) निवासी फुलेरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य लोगों और ठगी से जुड़ी जानकारियां जुटा रही है।

















