नकली सोना असली बताकर 7 लाख की ठगी करने वाली अंतरराज्यीय वागरी गैंग का पर्दाफाश

0
26
Cunning thief arrested for stealing ₹3 lakh from a marriage garden.

जयपुर। नकली सोने को असली बताकर लोगों से लाखों रुपए की ठगी करने वाली अंतरराज्यीय वागरी गैंग का नागौर कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के दो सदस्यों रवि कुमार (29) निवासी बागरा और मूलाराम (43) निवासी भीनमाल, जिला जालौर को बीकानेर जिले के लूणकरणसर से गिरफ्तार किया है।

आरोपियों ने नागौर के एक व्यक्ति से सात लाख रुपए की ठगी करने के साथ राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात सहित अन्य राज्यों में भी इसी तरीके से वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए संदिग्ध रास्तों पर लगे 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

जिला पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के अनुसार परिवादी पृथ्वीसिंह निवासी भाकरोद, थाना खींवसर ने रिपोर्ट दी कि 23 सितंबर 2026 को वह किसी काम से गांधी चौक, नागौर आया था। वहां दो व्यक्ति उससे मिले और परिवार में डिलीवरी होने का हवाला देकर देशी गाय का घी खरीदने की बात कही। इसके बाद 26 सितंबर को परिवादी ने लक्ष्मी तारा सिनेमा हॉल के सामने उन्हें घी दिया।

बाद में दोनों व्यक्ति परिवादी की मोटरसाइकिल पर बैठकर उसे मूण्डवा चौराहे से मानासर की ओर सुनसान जगह ले गए। वहां उन्होंने खुद को जमीन की खुदाई और कमठे का काम करने वाला बताया तथा जमीन से सोना मिलने की कहानी सुनाई। आरोपियों ने परिवादी को सोने का छोटा नमूना दिया, जिसकी जांच करवाने पर वह असली निकला। इससे परिवादी को उन पर भरोसा हो गया।

इसके बाद आरोपियों ने 29 सितंबर को दोपहर करीब 1:50 बजे परिवादी को सात लाख रुपए और घी लेकर बुलाया। परिवादी से सात लाख रुपए लेने के बाद आरोपियों ने उसे सोने के सामान की थैली थमा दी और फरार हो गए। बाद में पता चला कि थैली में दिया गया सोना नकली था।

पुलिस जांच में सामने आया कि गैंग के सदस्य शहरों में फूल और कांच बेचने वालों के रूप में घूमते हैं। इस दौरान वे सीधे-सादे लोगों से संपर्क कर उनका विश्वास जीतते हैं। फिर जमीन की खुदाई में सोना मिलने की कहानी सुनाकर नकली सोने को असली बताते हैं और कम कीमत में सोना देने का लालच देकर लाखों रुपए ठग लेते हैं। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने परिवादी को धर्म का भाई बनाकर भी अपने विश्वास में लिया था।

जांच में गैंग के सदस्यों की जून से नवंबर 2026 तक राजस्थान के श्रीगंगानगर, अजमेर, ब्यावर, पाली, जोधपुर, जयपुर, नागौर, डीडवाना, चूरू, सीकर, झुंझुनूं और बीकानेर सहित कई स्थानों पर सक्रियता सामने आई है। इसके अलावा मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक और गुजरात में भी उनकी गतिविधियों की जानकारी मिली है।

पुलिस को उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में गैंग से जुड़ी अन्य ठगी की वारदातों का खुलासा होने की संभावना है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क और अन्य वारदातों के संबंध में जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here