जयपुर। वैशाली नगर थाना पुलिस ने कैफे संचालक पर लोहे के पाइप से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों ने वारदात से पहले पीड़ित की रेकी की और फिर कैफे से घर लौटते समय रास्ते में उसे घेर कर लोहे के पाइप से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में मयंक गोपालिया के पैर में गंभीर चोटें आईं और उन्हें उपचार के लिए फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
एडिशनल कमिश्नर अपराध डॉ. रामेश्वर सिंह ने बताया कि घटना 5 नवंबर की रात की है। वैशाली नगर क्षेत्र में कैफे से घर लौट रहे मयंक गोपालिया पर आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया था। हमलावरों ने लोहे के पाइप से उनके पैरों पर कई वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से हर्षवर्धन ने 6 नवंबर को वैशाली नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इसके साथ ही तकनीकी विश्लेषण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मद शाहरुख उर्फ पन्ना (29) और अकमान खान (20) को गिरफ्तार कर लिया।
इस पूरी कार्रवाई वैशाली नगर थानाधिकारी अरविंद सिंह शेखावत के नेतृत्व में की गई। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में कांस्टेबल कमलेश कुमार और सुरेश कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से वारदात के कारणों और अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।

















