जयपुर। बगरू थाना पुलिस ने भम्भोरिया गांव से लापता हुए 15 वर्षीय बालक को श्योपुर प्रताप नगर क्षेत्र से सकुशल दस्तयाब कर लिया। बालक के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली और परिवार में खुशियां लौट आईं।
पुलिस के अनुसार भम्भोरिया निवासी लक्की धानका 6 नवंबर को घर से निकला था, लेकिन इसके बाद अचानक लापता हो गया। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर बगरू थाना पुलिस से मदद की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया।
थानाधिकारी उदय सिंह शेखावत के निर्देशन में पुलिस टीम ने बालक की तलाश के लिए प्रयास तेज किए। इस दौरान हेड कांस्टेबल कृष्ण चंद बुरड़क ने लगातार मेहनत और प्रयास करते हुए बालक का सुराग जुटाया। पुलिस ने उसे श्योपुर प्रताप नगर क्षेत्र से सकुशल दस्तयाब कर लिया। बगरू थाना पुलिस की सक्रियता और तत्परता से बालक के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।

















