जयपुर। छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर पिछले दो दिनों से पानी की टंकी पर चढ़े एनएसयूआई के तीन कार्यकर्ताओं के आंदोलन के बाद प्रशासन वार्ता के लिए तैयार हो गया है। शुक्रवार को हुई वार्ता में तीन प्रमुख बिंदुओं पर सहमति बनी, हालांकि एनएसयूआई ने स्पष्ट किया है कि छात्रसंघ चुनाव बहाल होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
सहमति के अनुसार 10 सदस्यीय छात्र प्रतिनिधिमंडल उपमुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग रखेगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से भी प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात होगी, जिसमें चुनाव बहाली का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा। प्रशासन ने यह भी आश्वासन दिया है कि पानी की टंकी पर चढ़कर आंदोलन कर रहे छात्रों के खिलाफ किसी प्रकार का मुकदमा दर्ज नहीं किया जाएगा।
छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर एनएसयूआई के वियोना जाट, विजयपाल कुड़ी और कोशेन खान पिछले दो दिनों से पानी की टंकी पर चढ़कर आंदोलन कर रहे थे। वार्ता के बाद नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और विधायक रफीक खान मौके पर पहुंचे तथा आंदोलनकारी छात्रों को जूस पिलाकर उनका आमरण अनशन समाप्त कराया।
इस दौरान एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने भी दूरभाष पर आंदोलनकारी छात्रों से बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया और प्रशासन से मांगों के शीघ्र समाधान का आग्रह किया। एनएसयूआई ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव बहाल होने तक संगठन का लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा।



















