गोविंद देवजी मंदिर में होगा निशुल्क पुंसवन संस्कार

0
33

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित आराध्य देव श्री गोविंद देवजी मंदिर में रविवार, 2 अगस्त को गर्भस्थ शिशु के सर्वांगीण विकास और कल्याण के उद्देश्य से निशुल्क ‘पुंसवन संस्कार’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह धार्मिक व वैदिक अनुष्ठान प्रातः 7 बजे से प्रारंभ होगा। इस विशेष आयोजन में 3 से 5 माह की गर्भवती महिलाएं भाग ले सकती हैं। संस्कार कराने के लिए गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी के विद्वान आचार्यों की टोली उपस्थित रहेगी, जो पूर्ण वैदिक रीति-रिवाज से अनुष्ठान संपन्न कराएगी।

मंदिर प्रशासन द्वारा पुंसवन संस्कार से जुड़ी सभी पूजन सामग्री निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। भाग लेने वाली गर्भवती महिलाओं को केवल देसी गाय के दूध से बनी एक कटोरी खीर अपने साथ लानी होगी। पुंसवन संस्कार के उपरांत प्रातः 8 बजे से पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन होगा। इस दौरान शिशु में श्रेष्ठ संस्कार व सद्गुणों के बीजारोपण की भावना के साथ खीर की विशेष आहुतियां दी जाएंगी। इस महायज्ञ में सामान्य श्रद्धालु भी हिस्सा ले सकेंगे।

पुंसवन संस्कार भारतीय वैदिक परंपरा के 16 प्रमुख संस्कारों में से एक है। इसका मुख्य उद्देश्य गर्भस्थ शिशु के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक, भावनात्मक एवं आध्यात्मिक विकास के लिए सकारात्मक ऊर्जा व वातावरण का निर्माण करना है। वैदिक मंत्रोच्चार, यज्ञ और शुभ संकल्पों के जरिए गर्भवती माता के मन, विचार, आहार और जीवन शैली को सात्विक बनाने की प्रेरणा दी जाती है, ताकि आने वाली पीढ़ी गुणी, स्वस्थ और संस्कारी बने।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here