जयपुर। श्री शिव महापुराण कथा समिति के तत्वावधान में रविवार को 19वें सामूहिक 251 पार्थिव शिवलिंग पूजन एवं महारुद्राभिषेक का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह धार्मिक अनुष्ठान सीकर रोड, राजावास स्थित ‘अनंतम सफायर मैरिज गार्डन’ में आयोजित होगा। देश की खुशहाली, समृद्धि, जन-कल्याण, पर्यावरण संतुलन और उत्तम मानसून की मंगलकामना को समर्पित इस आयोजन की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
समिति के महामंत्री अरुण खटोड़ ने बताया कि इस अनुष्ठान में 251 दंपति एक साथ बैठकर भगवान भोलेनाथ के प्रतीक पार्थिव शिवलिंगों का विधि-विधान से पूजन, अर्चन और महारुद्राभिषेक करेंगे। सभी 251 पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण पद्मश्री (दिवंगत) अर्जुन प्रजापति के सुपुत्र एवं प्रसिद्ध मूर्तिकार राजेंद्र प्रजापति द्वारा किया गया है। कार्यक्रम के अगले दिन सभी पार्थिव शिवलिंगों को वैदिक परंपरा के अनुसार हरिद्वार ले जाकर पवित्र गंगा नदी में विसर्जित किया जाएगा।
20 हजार लीटर गंगाजल और 108 दिव्य औषधियों से अभिषेक
कार्यक्रम संयोजक राजू जिंजवाड़ ने बताया कि महारुद्राभिषेक के लिए हरिद्वार से 20 हजार लीटर पवित्र गंगाजल विशेष टैंकर के जरिए मंगवाया गया है। यह निशुल्क सेवा पिछले कई वर्षों से लक्ष्मीनारायण चौधरी परिवार द्वारा प्रदान की जा रही है। समिति के उपाध्यक्ष चेतन कुमावत के अनुसार, वैदिक आचार्यों के सान्निध्य में रुद्रपाठ और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न होगी। अभिषेक में गंगाजल के अलावा 108 दिव्य औषधियों, पंचामृत, दूध, दही, गन्ने के रस, नारियल पानी और भांग सहित कई पूजन सामग्रियों का उपयोग किया जाएगा।
समिति के अध्यक्ष पंडित सुरेश शास्त्री ने बताया कि श्री शिव महापुराण कथा समिति वर्ष 2008 से हर श्रावण मास में यह सामूहिक आयोजन कर रही है। जयपुर में सामूहिक पार्थिव शिवलिंग पूजन की शुरुआत का श्रेय इसी समिति को जाता है, जो आज पूरे प्रदेश में अपनी एक विशिष्ट धार्मिक पहचान बना चुका है।



















