भाजपा प्रदेश कार्यालय में धूमधाम से मनाया दीपोत्सव

0
22

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में छोटी दीपावली के अवसर पर शनिवार को दीपोत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भगवान गणेश का विधिवत पूजन-अर्चन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम में भव्य आतिशबाजी भी की गई। आतिशबाजी और रोशनी के बीच प्रदेश कार्यालय में उत्सवी माहौल नजर आया।

कार्यक्रम में संगठन महामंत्री अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी और भूपेंद्र सैनी, प्रदेश मंत्री सीताराम पोसवाल और अपूर्वा सिंह, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, जयपुर महापौर सुनील कोठारी, विधायक गोपाल शर्मा, कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, सह कार्यालय प्रभारी भवानी शंकर शर्मा, मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ तथा जिलाध्यक्ष अमित गोयल सहित प्रदेश पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और मिठाई खिलाकर पर्व की खुशियां बांटीं। प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली असत्य पर सत्य की विजय और अज्ञान रूपी अंधकार से ज्ञान एवं प्रकाश की ओर अग्रसर होने का पर्व है। यह पर्व प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए, ऐसी मंगलकामना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय संकल्पों की सिद्धि में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। राष्ट्र को सर्वोपरि रखते हुए हर कार्य में राष्ट्रहित को प्राथमिकता देनी चाहिए।

राठौड़ ने कहा कि आमजन के जीवन स्तर को ऊंचा उठाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। देशभक्ति, राष्ट्रीय चरित्र और सामाजिक जागरूकता को मजबूत करना भी जरूरी है। दीपोत्सव के अवसर पर सभी को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए जागरूक, सशक्त और समृद्ध समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए। इससे लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा तथा विकसित भारत का सपना साकार करने में मदद मिलेगी।

राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश ने प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए अपनी स्थिति मजबूत की है। वहीं राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा ने निकाय चुनावों में ऐतिहासिक विजय हासिल की है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी पंचायत चुनावों में भी भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी।

इस कार्यक्रम के अंत में प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। आतिशबाजी के साथ दीपोत्सव का उत्साह चरम पर रहा। प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए पर्व की खुशियां साझा कीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here