3 जनवरी को होगा एनड्यूरॉक्स जयपुर 2027 का आयोजन: 6 किमी दौड़ के साथ होंगे छह फिटनेस चैलेंज

0
9
Endurox Jaipur 2027 will be held on January 3rd.
Endurox Jaipur 2027 will be held on January 3rd.

जयपुर। नए साल 2027 का स्वागत जयपुर में इस बार फिटनेस और रोमांच के साथ होगा। एनड्यूरॉक्स जयपुर 2027 का आयोजन 3 जनवरी को जेईसीसी, नोवोटेल जयपुर, सीतापुरा में किया जाएगा। इसमें 6 किलोमीटर दौड़ के साथ छह फंक्शनल फिटनेस चैलेंज होंगे। आयोजन में रनिंग, वर्कआउट, संगीत और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

मुख्य आयोजन से पहले शनिवार को जय क्लब बॉक्स क्रिकेट टर्फ ग्राउंड, सी-स्कीम में एनड्यूरॉक्स इग्निशन रन आयोजित की गई। इसमें फिटनेस प्रेमियों और धावकों ने उत्साह से भाग लिया। ‘3 किमी दौड़, 3 चैलेंज, एक संकल्प’ की थीम पर आयोजित इस गतिविधि में प्रतिभागियों ने तीन किलोमीटर दौड़ के साथ तीन अलग-अलग फिटनेस चैलेंज पूरे किए। इसका उद्देश्य लोगों को मुख्य आयोजन के प्रारूप से परिचित कराना और फिटनेस के प्रति जागरूक करना था।

एनड्यूरॉक्स जयपुर 2027 में प्रतिभागियों को दौड़ और छह अलग-अलग वर्कआउट गतिविधियों के माध्यम से अपनी ताकत, सहनशक्ति, गति और मानसिक दृढ़ता परखने का अवसर मिलेगा।

एनड्यूरॉक्स के सह-संस्थापक मुकेश मिश्रा और दीपक शर्मा ने बताया कि फिटनेस को केवल जिम या दौड़ तक सीमित रखने के बजाय जीवनशैली और उत्सव का हिस्सा बनाने की सोच के साथ यह आयोजन तैयार किया गया है। वहीं रेस डायरेक्टर भाविनी भार्गव ने बताया कि इसमें अनुभवी खिलाड़ियों के साथ फिटनेस के प्रति उत्साही लोगों को भी अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।

इग्निशन रन में जयपुर के फिटनेस संस्थानों फिट अप और फर्स्ट फिटनेस का सहयोग रहा। फिट अप की ओर से नवीन और आंचल तथा फर्स्ट फिटनेस की स्मिता और सुप्रिया ने प्रतिभागियों को फिटनेस गतिविधियों और चैलेंज के लिए मार्गदर्शन दिया।

आयोजकों का उद्देश्य युवाओं, धावकों और जिम प्रेमियों को एक मंच पर लाकर फिटनेस को सामुदायिक उत्सव का रूप देना है। जयपुर के बाद इस आयोजन को अहमदाबाद और मुंबई सहित देश के अन्य प्रमुख शहरों में भी आयोजित करने की योजना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here