बैंक कैशियर का अपहरण कर लूट करने वाला आरोपी प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार

0
35
Cunning thief arrested for stealing ₹3 lakh from a marriage garden.

जयपुर। मुहाना थाना पुलिस ने बैंक कैशियर का अपहरण कर मारपीट करने और नकदी व जेवरात लूटने के बहुचर्चित मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को एक अन्य प्रकरण में जेल में बंद होने पर न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पायलेट मीणा (21) पुत्र कानाराम मीणा निवासी थूनियां धिराजपुरा, तहसील निर्झरना (थाना झापदा), जिला दौसा है।

पुलिस के अनुसार, घटना 15 नवंबर 2024 की है। एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, फागी शाखा में कैशियर अभिषेक पारीक बैंक से घर लौट रहे थे। मुहाना क्षेत्र के बालावाला के पास सुनसान स्थान पर बदमाशों ने स्कॉर्पियो कार उनकी स्कूटी के आगे लगाकर रास्ता रोक लिया और जबरन उन्हें कार में डालकर अपहरण कर लिया।

आरोपियों ने रास्ते में पीड़ित की जेब से 2 हजार रुपये, बैग में रखे 45 हजार रुपये तथा उनका चांदी का कड़ा लूट लिया। इसके बाद यूपीआई पिन बताने का दबाव बनाया। इंकार करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और देर रात करीब 2 बजे सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर बदमाशों के आने-जाने का रूट तैयार किया। संदिग्ध स्कॉर्पियो के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें नामजद किया गया। पुलिस दबिश के चलते आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नामजद आरोपी पायलेट मीणा किसी अन्य मामले में जेल में बंद है।

इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर आरोपी को जेल से हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में अन्य आपराधिक वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

इस कार्रवाई में मुहाना थानाधिकारी मुकेश कुमार खारड़िया, उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल कानसिंह, भंवरलाल, कांस्टेबल ओमप्रकाश डोबर तथा दामोदर सारण की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here