जयपुर। मालपुरा गेट थाना पुलिस ने एटीएम बूथ में मदद का झांसा देकर लोगों के एटीएम कार्ड बदलकर रकम निकालने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी सुरेंद्र सांसी (42) और सचिन कुमार (27) रिश्ते में जीजा-साला हैं तथा हरियाणा के भिवानी के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार दोनों जयपुर के अलावा अन्य शहरों में भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। फिलहाल उनसे अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
जयपुर पूर्व पुलिस उपायुक्त रंजीता शर्मा ने बताया कि सांगानेर स्थित एसबीआई एटीएम पर पीड़ित सुनील कुमार बैरवा 10 हजार रुपए निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान पीछे खड़े आरोपी ने मदद का बहाना बनाकर उन्हें बातों में उलझाया और उनका एटीएम कार्ड बदलकर दूसरे व्यक्ति दीपेश ठाडे के नाम का कार्ड थमा दिया। घर पहुंचने के बाद पीड़ित के खाते से 10-10 हजार रुपए के तीन ट्रांजैक्शन हुए और खाते में केवल 782 रुपए शेष रह गए। शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एटीएम बूथों पर बुजुर्गों, महिलाओं और कम पढ़े-लिखे लोगों को आसान शिकार बनाते थे। वे पीछे खड़े होकर पीड़ित का गुप्त पिन देख लेते और स्क्रीन पर ‘कार्डलेस’ विकल्प दबाकर भ्रम की स्थिति पैदा कर असली कार्ड बदल देते थे। विरोध होने पर जबरन कार्ड छीनकर फरार हो जाते थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी हाईवे के बजाय अंदरूनी रास्तों और गलियों का उपयोग कर शहर बदल लेते थे।
वाहन चोर भी गिरफ्तार, तीन बाइक बरामद
इसी थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक अन्य मामले में आशु गुर्जर उर्फ रवि (27) निवासी वाटिका, सांगानेर सदर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
वाहन चोरी की शिकायत मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में मिले हुलिए और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर चोरी की तीनों मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गईं। पुलिस आरोपी से अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।


















