फॉर्च्यूनर पर 4 राउंड फायरिंग: होटल पर विवाद के बाद बदमाशों ने किया जानलेवा हमला

0
41
Four rounds fired at the Fortuner.
Four rounds fired at the Fortuner.

जयपुर। राजधानी जयपुर के दौलतपुरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात आपसी रंजिश के चलते फिल्मी अंदाज में फायरिंग की वारदात सामने आई। स्कॉर्पियो में सवार तीन युवकों ने फॉर्च्यूनर में सवार दो युवकों पर कथित तौर पर हत्या की नीयत से चार राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां वाहन के शीशों पर लगीं, लेकिन दोनों युवक बाल-बाल बच गए। घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

दौलतपुरा थाने में दी गई शिकायत के अनुसार सुखावतों की ढाणी, आकेड़ा डूंगर निवासी राजेन्द्र कुमार मीणा पुत्र गोविंद नारायण मीणा अपने साथी रेवड़मल मीणा उर्फ राजवीर के साथ फॉर्च्यूनर से दौलतपुरा से जयपुर की ओर जा रहे थे। रात करीब 12:30 बजे दोनों हरे कृष्णा होटल पर भोजन करने के लिए रुके। इसी दौरान स्कॉर्पियो में सवार लोकेन्द्र मीणा उर्फ अयान, अनिल मीणा उर्फ सुक्खा और नितेश मीणा वहां पहुंचे तथा पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू कर दिया।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तीनों आरोपियों ने पिस्टल निकालकर दोनों के साथ हाथापाई की और खुलेआम जान से मारने की धमकी दी। होटल पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए।

शिकायतकर्ता के अनुसार कुछ देर बाद जब वह लक्की पंजाबी ढाबे के पास अपने साथी राजवीर को उतार रहे थे, तभी वही आरोपी दोबारा वहां पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने बिना किसी चेतावनी के फॉर्च्यूनर पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली वाहन के बाईं ओर के शीशे पर लगी, दूसरी गोली खाली निकल गई, तीसरी गोली सामने के विंडशील्ड में जा धंसी और जान बचाकर भागने के दौरान चौथी गोली पीछे के शीशे पर लगी। लगातार फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

पीड़ित का कहना है कि यदि वे समय रहते मौके से नहीं निकलते तो बड़ा हादसा हो सकता था। उनका आरोप है कि हमला पूरी तरह सुनियोजित था और आरोपियों का उद्देश्य उनकी हत्या करना था। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि नामजद आरोपी पहले भी उन पर जानलेवा हमला कर चुके हैं तथा उनके खिलाफ विभिन्न थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉर्च्यूनर का निरीक्षण किया। शिकायत के अनुसार वाहन पर गोलियों के निशान मिले हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

दौलतपुरा थाना प्रभारी महेंद्र सिंह यादव ने बताया, “शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here