जयपुर। सावन मास के दूसरे सोमवार, 10 अगस्त को मुरलीपुरा स्थित विकासनगर के श्री श्याम मंदिर में भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर शाम सात बजे भगवान शिव की रंगीन बर्फ से निर्मित अत्यंत मनोहारी और आकर्षक ‘बर्फानी झांकी’ सजाई जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। मंदिर परिसर में 3,100 दीपकों से श्याम प्रभु और भगवान भोलेनाथ की भव्य महाआरती की जाएगी। इसके साथ ही मातृशक्ति द्वारा विशेष धूप आरती उतारी जाएगी। संपूर्ण आरती के दौरान गूंजते बैंड-बाजे माहौल को और अधिक भक्तिमय बनाएंगे।
महाआरती के पश्चात एक विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें ख्यातिप्राप्त भजन गायक बाबा भोलेनाथ के भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे।
कार्यक्रम को लेकर तैयारियाँ अंतिम चरणों में हैं।
गायत्री चेतना केन्द्र मुरलीपुरा के व्यवस्थापक मनु महाराज के मार्गदर्शन में सभी तैयारियाँ की जा रही हैं। मंदिर के पुजारी मोतीलाल सैनी ने बताया कि पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक विधुत लाइटिंग और ताजे पुष्पों की सज्जा से भव्य रूप दिया जा रहा है।
सावन के पवित्र महीने में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को भगवान शिव की आराधना से जोड़ना और सामूहिक भक्ति के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक व सकारात्मक चेतना का प्रसार करना है।



















