मूक-बधिर विद्यालय के छात्र धरने पर: हॉस्टल और शिक्षण व्यवस्था पर उठाए सवाल

0
47

जयपुर। जयपुर के राजकीय सेठ आनंदीलाल पोद्दार मूक-बधिर उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राएं अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठ गए। छात्रों ने हॉस्टल की बदहाल व्यवस्था, सुरक्षा में लापरवाही, भोजन और साफ-सफाई की खराब स्थिति, प्रशिक्षित सांकेतिक भाषा (आईएसएल) शिक्षकों की कमी तथा एक कर्मचारी पर अनुचित व्यवहार के आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

छात्रों का कहना है कि हॉस्टल में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, भवन जर्जर है और शिकायतों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। वहीं विद्यालय प्रशासन ने कहा कि छत की वॉटरप्रूफिंग कराई जा चुकी है, सफाई और मरम्मत का कार्य जारी है तथा सीवरेज समस्या के समाधान के लिए नगर निगम को पत्र भेजा गया है।

धरने की सूचना पर जयपुर प्रथम एसडीएम खुशबू शर्मा ने मौके पर पहुंचकर जांच कराई और रिपोर्ट जिला कलक्टर को सौंपने की बात कही। इधर, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी विद्यालय पहुंचकर छात्रों की समस्याओं की स्वतंत्र जांच और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

इसी बीच शिक्षा विभाग ने विद्यालय के प्राचार्य भरत जोशी को कार्यमुक्त कर बीकानेर निदेशालय में विभागीय परीक्षाओं के पंजीयक पद पर पदस्थापित कर दिया। हालांकि आदेश में कार्यमुक्ति का कारण स्पष्ट नहीं किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here