जयपुर। महार्षि अरविंद संस्थान की संस्थापिका भारती पाराशर के जन्मदिन के अवसर पर शुक्रवार को संस्थान परिसर में भव्य रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 500 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। युवाओं और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने के साथ ही युवाओं को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित करना रहा। संस्थान के निदेशक डॉ. भारत पाराशर ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। विद्यार्थियों और युवाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी संस्थान के लिए गर्व का विषय है।
शिविर संयोजक डॉ. मयंक शर्मा ने कहा कि युवा वर्ग रक्तदान के लिए आगे आए तो समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा। नियमित रक्तदान के माध्यम से ही अस्पतालों और ब्लड बैंकों में होने वाली रक्त की कमी को दूर किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ रहने पर नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया।
शिविर के दौरान रक्तदाताओं का उत्साह देखने को मिला। आयोजकों की ओर से रक्तदाताओं को प्रोत्साहित किया गया और शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार जताया गया। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



















