जयपुर। आदर्श नगर थाना इलाके में चलते ई-रिक्शा में एक युवक की जेब काटकर 50 हजार रुपए चोरी करने का मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश चलते ई-रिक्शा से कूदकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
हैड कांस्टेबल मक्खन लाल ने बताया कि दौसा के मेहंदीपुर बालाजी निवासी पुरुषोत्तम प्रजापत (40) किसी काम से जयपुर आए थे। ट्रांसपोर्ट नगर में उतरने के बाद वह घाटगेट जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुए। रास्ते में दो युवक भी सवारी बनकर उनके अगल-बगल आकर बैठ गए।
चलते ई-रिक्शा में मौका पाकर दोनों बदमाशों ने उनकी जेब में चीरा लगाकर उसमें रखे 50 हजार रुपए निकाल लिए। घाटगेट लाइट से कुछ पहले दोनों आरोपी चलते ई-रिक्शा से कूदकर भाग निकले। कुछ देर बाद पुरुषोत्तम ने अपनी जेब संभाली तो रुपए गायब मिले। इसके बाद उन्होंने आदर्श नगर थाने पहुंचकर दोनों अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
हैड कांस्टेबल मक्खन लाल ने बताया कि शनिवार रात रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस घटनास्थल और ई-रिक्शा के संभावित रूट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपियों की पहचान के प्रयास कर रही है।



















