फेसबुक पर दोस्ती कर निजी फोटो वायरल करने की धमकी देकर युवक से ऐंठे 5 लाख

0
51

जयपुर। शिवदासपुरा थाना इलाके में फेसबुक के जरिए युवक से दोस्ती कर उसे ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पश्चिम बंगाल की रहने वाली आरोपी महिला ने युवक को झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर करीब 5 लाख रुपए ऐंठ लिए।

आरोप है कि महिला ने युवक के निजी फोटो और उसके परिजनों की जानकारी हासिल कर उसे लगातार धमकाया। अब और रुपए नहीं देने पर फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी जा रही है। परेशान युवक ने शिवदासपुरा थाने में आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

शिवदासपुरा थानाधिकारी राजेश गौतम ने बताया कि गोनेर निवासी 28 वर्षीय युवक ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार करीब तीन साल पहले फेसबुक पर महिला ने उसे फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। महिला ने बातचीत के दौरान युवक को अपनी बातों में फंसा लिया और जरूरत बताकर रुपए मांगने लगी।

पीड़ित का आरोप है कि करीब एक साल बाद महिला युवक से मिलने जयपुर आई। वह उसे घुमाने के बहाने अजमेर दरगाह ले गई। वहां महिला ने कथित तौर पर युवक के खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। इसके बाद उसके मोबाइल से परिजनों के फोटो और मोबाइल नंबर निकाल लिए। आरोप है कि महिला ने युवक के कुछ निजी फोटो भी अपने मोबाइल में ले लिए।

इसके बाद महिला ने निजी फोटो वायरल करने की धमकी देकर युवक को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने युवक पर अलग-अलग मोबाइल ऐप से लोन लेने का दबाव बनाया और लोन के रुपए भी अपने पास ले लिए।

पीड़ित के अनुसार जुलाई 2026 में महिला दोबारा जयपुर आई। इस दौरान उसने डरा-धमकाकर युवक से अपने लिए शॉपिंग करवाई और हवाई जहाज का टिकट भी बुक कराया। आरोप है कि महिला ने युवक के गले से सोने की चेन छीन ली और 2 लाख रुपए नकद भी ले लिए।

पीड़ित का आरोप है कि महिला झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर अब तक उससे करीब 5 लाख रुपए ऐंठ चुकी है। अब और रुपए देने की मांग पूरी नहीं होने पर वह युवक और उसके परिवार की तस्वीरें फेसबुक पर वायरल करने की धमकी दे रही है। लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर युवक ने पुलिस से शिकायत की।

डीसीपी (साउथ) राजर्षिराज वर्मा ने बताया कि ब्लैकमेलिंग की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पीड़ित के बयान दर्ज कर पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। आरोपी महिला की तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here