जिम में साथ कसरत करने वाले ने रची थी बैंक मैनेजर से लूट की साजिश

0
24

जयपुर। जवाहर नगर थाना पुलिस ने राजापार्क की सिंधी कॉलोनी स्थित अपार्टमेंट की लिफ्ट में पिस्टल की नोक पर बैंक मैनेजर से हुई लूट का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से लूटी गई सोने की चेन, कड़ा और अंगूठी बरामद की है। वारदात में इस्तेमाल दो स्कूटी और मसूरी जाने के लिए किराए पर ली गई वेन्यू कार भी जब्त की गई है। मामले में एक अन्य आरोपी मोहित की तलाश जारी है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि तीन अगस्त को सांई कृपा अपार्टमेंट निवासी बैंक मैनेजर नवीन कुमार शर्मा (37) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुबह बर्फखाना स्थित मिशन फिटनेस जिम से लौटकर अपार्टमेंट की लिफ्ट में पहुंचे। इसी दौरान दो नकाबपोश युवक लिफ्ट में घुस आए और पिस्टल दिखाकर सोने की चेन, कड़ा, अंगूठी व चांदी की अंगूठी लूटकर फरार हो गए।

इस वारदात के बाद पुलिस टीम ने करीब 20 किलोमीटर के दायरे में 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों के आने-जाने का रूट तैयार किया। इसके बाद पुलिस ने करीब 600 किलोमीटर तक पीछा कर रोनित यादव (24), रवि प्रकाश (25) और तनिष्क रॉय (22) को गिरफ्तार किया है।

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी रोनित यादव पीड़ित बैंक मैनेजर के साथ ही जिम में कसरत करता था। उसने मैनेजर की रैकी कर साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची। वारदात के बाद आरोपी मौज-शौक के लिए किराए की वेन्यू कार से मसूरी चले गए थे।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी सरला यादव के नेतृत्व में एसआई उदयवीर सिंह, कांस्टेबल अशोक कुमार, धर्मपाल, मुकेश कुमार, बाबूलाल, कैलाश चंद तथा साइबर सेल के हेड कांस्टेबल गौरव सोलंकी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here