जयपुर। धौलपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र में एनएच-123 पर भागीरथपुरा गांव के पास मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रक और कार की आमने-सामने की भिड़ंत में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
पचगांव पुलिस चौकी प्रभारी अरुण कुमार के अनुसार कार सवार भरतपुर की ओर से धौलपुर आ रहे थे। भागीरथपुरा के पास सामने से आ रहे ट्रक से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रक के नीचे घुस गया और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर घायल को धौलपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। मृतकों के शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं और पुलिस उनकी पहचान में जुटी है।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। दुर्घटना के चलते एनएच-123 पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराया।


















