142 दिन में 3 हजार किमी पैदल यात्रा कर जयपुर पहुंचे निशांत

0
56

जयपुर। धार्मिक आस्था और शिवभक्ति का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए जयपुर के युवा शिवभक्त निशांत सैनी ने चार धाम और पंच केदार की पैदल यात्रा पूरी कर सावन शिवरात्रि पर मंगलवार को जयपुर पहुंचकर चौड़ा रास्ता स्थित ताड़केश्वर महादेव मंदिर में 21 लीटर पवित्र गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। उन्होंने 142 दिन में करीब 3 हजार किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी की।

जयपुर पहुंचने पर गलता गेट से ताड़केश्वर महादेव मंदिर तक निशांत का जगह-जगह स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने माल्यार्पण और पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। परिवारजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने भक्ति गीतों पर नृत्य किया। इस दौरान ‘हर-हर महादेव’, ‘बोल बम’ और ‘ताड़क बम’ के जयकारे गूंजते रहे।

मंदिर पहुंचने पर महंत अमित व्यास, दादाजी सेडूराम सैनी, पिता हरेन्द्र सैनी, मां अंजू देवी, चाचा प्रहलाद सैनी, सुनील सैनी, चाची रेणु सैनी, बबीता सैनी सहित परिजनों और विभिन्न धार्मिक व राजनीतिक संगठनों के लोगों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद विधि-विधान से ताड़केश्वर महादेव का गंगाजल से अभिषेक किया गया।

सीकर रोड स्थित ढहर के बालाजी निवासी निशांत सैनी ने बताया कि उन्होंने 23 मार्च को नंगे पैर चार धाम यात्रा शुरू की थी। इस दौरान चार धाम के साथ पंच केदार के तीर्थस्थलों के दर्शन और पूजा-अर्चना की। उन्होंने देश, समाज और विश्व के कल्याण, सुख-समृद्धि व शांति की कामना के साथ विभिन्न तीर्थस्थलों पर प्रार्थना की।

चार धाम-पंच केदार यात्रा पूरी करने के बाद वे 6 जुलाई को हरिद्वार से 21 लीटर गंगाजल की कलश कांवड़ लेकर जयपुर के लिए पैदल रवाना हुए। प्रतिदिन करीब 25 किलोमीटर चलते हुए उन्होंने यात्रा पूरी की। निशांत ने कहा कि यह यात्रा उनके लिए केवल तीर्थयात्रा नहीं, बल्कि भगवान शिव के प्रति आस्था, संकल्प और समर्पण की साधना रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here