जयपुर। पोद्दार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के वार्षिक इंटरकॉलेजिएट फेस्ट ‘मंथन’ (2026-27) के तीसरे दिन विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और कौशल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के तहत सोलो डांस, कॉर्पोरेट रोडिज, डर्ट स्टॉर्म डर्बी (आरसी रेसिंग) और रूरल हाट बाजार प्रमुख आकर्षण रहे। सोलो डांस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने ‘रंगीला मारो ढोलना’ और ‘रेशम का रूमाल’ जैसे गीतों पर आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रेरणा कुलश्रेष्ठा, मधु शर्मा और कोरियोग्राफर कुशल शामिल रहे।

कॉर्पोरेट रोडिज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने प्रबंधन क्षमता, आत्मविश्वास और सामूहिक कार्यकुशलता का प्रदर्शन किया। इसके निर्णायक के रूप में सुंदरम फाइनेंस की एचआर मैनेजर शिवानी त्यागी मौजूद रहीं। वहीं, डर्ट स्टॉर्म डर्बी के तहत रिमोट कंट्रोल कारों की रोमांचक रेस आयोजित की गई, जिसने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
रूरल हाट बाजार में विद्यार्थियों ने ग्रामीण संस्कृति, हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों की झलक प्रस्तुत की। बाजार में हाथ से बनी घड़ियां, फूल और क्रोशिया से तैयार वस्तुओं के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मकता देखने को मिली। आयोजन के दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों को शिक्षा शिरोमणि अवार्ड भी प्रदान किए गए।
तीसरे दिन के कार्यक्रम में प्रियंक गुप्ता गेस्ट ऑफ ऑनर रहे। ग्लास ग्लोब्स के प्रबंध निदेशक राजेश, तनिष एंटरप्राइजेज की रेखा और इंद्रधनुष की अनीता सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने शिरकत की। पोद्दार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के चेयरमैन डॉ. आनंद पोद्दार ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और रचनात्मकता की सराहना की तथा अतिथियों का सम्मान किया।

















