पुलिस और आमजन के बीच विश्वास की कड़ी बनेंगे सीएलजी सदस्य: डीजीपी

0
60

जयपुर। राजस्थान पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए मंगलवार को प्रदेशभर के नव नियुक्त सीएलजी सदस्यों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की विभिन्न पुलिस रेंज के नव नियुक्त सीएलजी सदस्यों से सीधे संवाद किया और उनके दायित्वों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के तहत सभी आईजी रेंज ने अपने-अपने क्षेत्रों में सीएलजी सदस्यों की बैठक आयोजित की। इन बैठकों में नव नियुक्त सदस्यों को सामुदायिक पुलिसिंग में उनकी भूमिका, जिम्मेदारियों और कार्यों के बारे में विस्तार से बताया गया। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रत्येक रेंज की बैठक से जुड़े और सदस्यों से संवाद किया।

डीजीपी ने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, संवाद और सहयोग मजबूत करने में सीएलजी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि सीएलजी सदस्य अपने क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं, आमजन की अपेक्षाओं और सुझावों को पुलिस तक पहुंचाने के साथ ही पुलिस की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करेंगे।

इन विषयों पर भी जागरूकता बढ़ाने की जिम्मेदारी

बैठक में सीएलजी सदस्यों को सामुदायिक पुलिसिंग और जनसहभागिता के साथ महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध के प्रति जागरूकता, नशे के खिलाफ जनजागरूकता तथा स्थानीय स्तर पर पुलिस-जन संवाद को बढ़ावा देने से जुड़े विषयों की जानकारी दी गई।

डीजीपी ने नव नियुक्त सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने और पुलिस तथा आमजन के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास का वातावरण तैयार करने में सहयोग की अपेक्षा की। इस अवसर पर एडीजी कम्युनिटी पुलिसिंग एस. सेंगाथिर ने अधिकारियों और सीएलजी सदस्यों को आगामी गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here