जयपुर। जयपुर के जयभवानीपुरा स्थित नकटी माता मंदिर में बुधवार को 108 कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ। कथा से पूर्व कलश यात्रा निकाली गई। इस कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच यात्रा निकाली।
कलश यात्रा के दौरान ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘जय माता दी’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ किया। आयोजकों के अनुसार 18 अगस्त तक नकटी माता मंदिर, जयभवानीपुरा में सात दिवसीय कथा का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का वाचन होगा।
कथा के दौरान श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं के साथ श्रीमद्भागवत के आध्यात्मिक संदेशों का श्रवण कराया जाएगा। आयोजन को लेकर जयभवानीपुरा, निमेड़ा सहित आसपास के गांवों में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कथा में शामिल होकर धर्म लाभ लेने का आह्वान किया।



















