जयपुर। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को शहर के विभिन्न विद्यालयों में देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। सी-स्कीम स्थित महावीर पब्लिक स्कूल में विशेष प्रार्थना सभा और तिरंगा यात्रा का आयोजन हुआ। वहीं जवाहर नगर और मालवीय नगर में भी विद्यार्थियों ने तिरंगा रैली निकालकर राष्ट्रप्रेम और स्वच्छता का संदेश दिया।
महावीर पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा थामकर देशभक्ति का परिचय दिया। नन्हे-मुन्ने और युवा विद्यार्थियों ने भाषण, कविताओं, प्रेरणादायी उद्धरणों और देशभक्ति गीतों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना व्यक्त की। कार्यक्रम में अध्यक्ष उमराव मल सांघी, मानद मंत्री सुनील बख्शी, कोषाध्यक्ष महेश काला, कार्यकारिणी सदस्य विनोद जैन कोटखावदा, संयोजक सुदीप ठोलिया और प्रधानाचार्या सीमा जैन मौजूद रहीं।
अध्यक्ष उमराव मल सांघी और मानद मंत्री सुनील बख्शी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें मातृभूमि के सम्मान और देश की एकता-अखंडता को सर्वोपरि रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण तिरंगा यात्रा रही। विद्यार्थियों ने ‘वंदे मातरम्’, ‘जय हिंद’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष के साथ यात्रा निकाली।
नगर निगम जयपुर और एमपीएस स्कूल, सेक्टर-4, जवाहर नगर की ओर से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जागरूकता एवं स्वच्छता रैली निकाली गई। इसमें विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ के साथ नगर निगम की टीम ने भी भाग लिया। विद्यार्थियों ने तिरंगा लेकर क्षेत्रवासियों को हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जागरूक किया। साथ ही लोगों से कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने और आसपास का क्षेत्र स्वच्छ एवं सुंदर रखने का आह्वान किया।

मालवीय नगर जोन के वार्ड 80 स्थित आदर्श विद्या मंदिर स्कूल में एनसीसी कैडेट्स ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा रैली निकाली। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर विद्यार्थियों ने देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। रैली में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। शहर के विभिन्न जोन में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।



















