जयपुर। राजस्थान जैन युवा महासभा जयपुर के बैनर तले महिला सशक्तिकरण, स्वावलंबन एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय स्वास्तिक एग्जीबिशन एवं मेले का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी में महिलाओं द्वारा तैयार हस्तनिर्मित घरेलू उत्पादों एवं विभिन्न सेवाओं के स्टॉल लगाए गए हैं।
प्रदर्शनी का उद्घाटन राजस्थान जैन सभा जयपुर के अध्यक्ष सुभाष चंद जैन, राजस्थान जैन युवा महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जैन, प्रदेश महामंत्री विनोद जैन कोटखावदा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनीष बैद, जिला अध्यक्ष संजय पाण्डया, जिला महामंत्री सुभाष बज तथा समाजसेविका नीतू जैन मुल्तान और शकुंतला पाण्डया ने किया। भगवान मुनिसुव्रतनाथ के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के बाद णमोकार महामंत्र का सामूहिक उच्चारण किया गया।
मुख्य संयोजक मीनाक्षी जैन, संयोजक प्रियंका सोनी व जिनेश कुमार जैन सहित पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना सशक्त समाज की नींव है। प्रदर्शनी के माध्यम से महिलाओं को अपने हुनर, उत्पाद और व्यवसाय को बाजार तक पहुंचाने का मंच मिल रहा है।
आयोजकों ने बताया कि जैन समाज की महिलाओं को स्टॉल बुकिंग पर 50 प्रतिशत विशेष छूट दी गई है। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में महिला उद्यमी अपने उत्पादों की जानकारी और बिक्री कर रही हैं। शुक्रवार को लहरिया उत्सव प्रदर्शनी का विशेष आकर्षण रहेगा। इसमें महिलाओं के लिए खरीदारी, मनोरंजन और उपहार सहित विभिन्न गतिविधियां होंगी। आयोजकों ने शहर की महिलाओं से परिवार सहित उत्सव में शामिल होकर महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन करने का आह्वान किया है।



















