गांजा तस्कर गिरफ्तार: 65 ग्राम गांजा और 3.82 ग्राम हाईड्रोपोनिक गांजा बरामद

0
47
Two notorious criminals arrested along with gamblers.
Two notorious criminals arrested along with gamblers.

जयपुर। जयपुर शहर पश्चिम की बगरू थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘क्लीन स्वीप’ के तहत कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 65 ग्राम गांजा और 3.82 ग्राम हाईड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

बगरू थानाधिकारी राजेन्द्र गोदारा के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान मदन सिंह उर्फ अभिषेक सिंह (25) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने जयपुर शहर और आसपास के क्षेत्र में स्थित कुछ प्रतिष्ठित कॉलेजों में मादक पदार्थ सप्लाई करने की बात कबूल की है। पुलिस अब सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मादक पदार्थों की सप्लाई करने के बदले प्रत्येक पैकेट पर करीब 200 रुपए कमीशन लेता था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को गांजा और हाईड्रोपोनिक गांजा कहां से मिलता था और कॉलेजों तक इसकी सप्लाई कौन-कौन करवा रहा था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और संगठित अपराध से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी से पूछताछ कर सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

35 मामलों का हिस्ट्रीशीटर वाहन चोर गिरफ्तार

कालवाड़ थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी कालवाड़ थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के करीब 35 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से हाथोज स्थित हॉट बाजार से चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस बाइक भी बरामद की है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि कालवाड़ थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर मुकेश जाट उर्फ नौछीलाल उर्फ नौछी (26) गिरफ्तार को किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी कालवाड़ थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ करधनी, झोटवाड़ा, वैशाली नगर, बनीपार्क, मुरलीपुरा, मोतीडूंगरी, हरमाड़ा, सदर, करणी विहार, भांकरोटा, श्याम नगर, बगरू, अशोक नगर, विद्याधर नगर और सांगानेर सहित विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के करीब 35 मामले दर्ज हैं।

गश्त में कैफे से पकड़ा गया 15 हजार का इनामी बदमाश

बगरू थाना पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान भरतपुर के चर्चित नरेंद्र कुमार हत्याकांड में फरार चल रहे 15 हजार रुपए के इनामी बदमाश पवन यादव (24) को गिरफ्तार किया है। आरोपी मणिपाल यूनिवर्सिटी, दहमी कलां के पास एक कैफे में नशे की हालत में मिला था। पुलिस ने राजकॉप ऐप पर फोटो मैच के जरिए उसकी पहचान की।

पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। गहन पड़ताल में उसके भरतपुर के खेड़ली मोड थाने में दर्ज हत्या के मामले में वांछित होने और उस पर 15 हजार रुपए का इनाम घोषित होने की जानकारी मिली।

पुलिस के मुताबिक 28 फरवरी 2026 को चार बदमाशों ने भरतपुर में घर में घुसकर नरेंद्र कुमार का अपहरण किया था। बाद में उसकी हत्या कर शव सामंतपुरा के जंगल में गाड़ दिया गया। मामले में आरोपी पवन यादव फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर भरतपुर पुलिस को सूचना दी है। आरोपी से पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है।

ऑन डिमांड बाइक चोरी गैंग का पर्दाफाश

जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ऑन डिमांड बाइक चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 5 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।

पुलिस के अनुसार दुर्गापुरा से स्प्लेंडर प्लस बाइक चोरी होने की रिपोर्ट पर सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान की गई। मुखबिर की सूचना पर कुलदीप योगी (19), कप्तान जाटव (18) और एक बाल अपचारी को पकड़ा गया। पूछताछ में तीनों से पांच चोरी की बाइक बरामद हुईं। आरोपियों ने खोह नागोरियान क्षेत्र से तीन और कानोता क्षेत्र से एक बाइक चोरी करना स्वीकार किया है।

जांच में सामने आया कि कप्तान जाटव गांव में बाइक रिपेयरिंग की दुकान चलाता है। डिमांड मिलने पर जयपुर से बाइक चोरी करने के बाद दुकान पर उनके इंजन और चेसिस नंबर बदल दिए जाते थे। चोरी की बाइक के पार्ट्स अलग-अलग कर बेचने का काम भी किया जाता था। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने करीब 24 वाहन चोरी की वारदातें करना कबूल किया है। पुलिस अब अन्य वारदातों और चोरी के वाहनों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here